scriptCSKvsMI: बिना बल्लेबाजी और बिना गेंदबाजी किए सर जड़ेजा ने बनाया शानदार रिकॉर्ड, जानिए मैच के 7 रिकॉर्डस | Patrika News

CSKvsMI: बिना बल्लेबाजी और बिना गेंदबाजी किए सर जड़ेजा ने बनाया शानदार रिकॉर्ड, जानिए मैच के 7 रिकॉर्डस

Published: Apr 29, 2018 02:42:25 pm

Submitted by:

Akashdeep Singh

मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला हमेशा ही रोचक होता है, कल हुए मैच में कई कीर्तिमान भी स्थापित हुए।

ravindra jadeja took his 50th catch in match against mumbai indians
नई दिल्ली। कप्तान रोहित शर्मा (नाबाद 56) की कप्तानी पारी के दम पर मौजूदा विजेता मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण में आखिरकार जीत की राह पर वापसी कर ली। चेन्नई ने अपने दूसरे गृहनगर महाराष्ट्र क्रिकेट संघ (एमसीए) स्टेडियम में खेले गए मैच में मुंबई के सामने 170 रनों की चुनौती रखी थी, जिसे मुंबई ने दो गेंद शेष रहते हुए दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। यह मुंबई की सात मैचों में दूसरी जीत है। चेन्नई के लिए सुरेश रैना ने नाबाद 75 रनों की पारी खेली, लेकिन उनकी इस पारी पर रोहित की पारी भारी पड़ गई। रोहित के अलावा इविन लुइस ने 47 और सूर्यकुमार यादव ने 44 रन बनाए। इस मैच में कुल मिलाकर 7 कीर्तिमान स्थापित हुए।
1. आईपीएल 2018 में मुंबई इंडियंस के तीन बल्लेबाजों ने दूसरी बार 40 के ऊपर रन बनाए हैं। इससे पहले मुंबई के बल्लेबाजों ने दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में यह कारनामा किया था। मुंबई के लिए चेन्नई के खिलाफ खेले गए मैच में कप्तान रोहित शर्मा ने 56 नाबाद रन, एविन लेविस ने 47 रन और सूर्यकुमार यादव ने 44 रन बनाए हैं। किसी और टीम के द्वारा ऐसा एक बार भी नहीं किया जा सका है।
2. आईपीएल में रविंद्र जडेजा ने 50 कैच लपके हैं। वो ऐसा करने वाले 10वें फील्डर हैं। 145 मैचों में जडेजा ने यह कीर्तिमान पाया जोकि 50 कैच करने वालों सभी खिलाड़ियों में सबसे धीमा है। जडेजा ने कल मैच में बल्लेबाजी में एक भी गेंद का सामना नहीं किया था, ना ही उन्होंने गेंदबाजी की थी।
3. आईपीएल में जीते हुए मैचों में रोहित शर्मा की यह 13वीं नाबाद अर्धशतकीय पारी थी। यह आईपीएल इतिहास में एक रिकॉर्ड है। एबी डी विलियर्स भी ऐसे मौकों पर नाबाद 13 हाफ सेंचुरी लगा चुकें हैं।
4. मुंबई इंडियंस ने कल चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 13वीं जीत दर्ज की। चेन्नई को अभी तक कोई और टीम 8 से ज्यादा बार नहीं हरा सकी है। मुंबई इंडियंस ने कल चेन्नई को 8 विकेट से हराया था इससे पहले वानखेड़े में हुए मैच में मुंबई को चेन्नई के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
5. आईपीएल 2018 में चेन्नई सुपर किंग्स के तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर 14 छक्के खा चुकें हैं। यह किसी भी गेंदबाज द्वारा खाए गए सबसे अधिक छक्के हैं। दूसरे नंबर पर चेन्नई के ही दूसरे गेंदबाज भी हैं- ड्वेन ब्रावो जिन्होंने 13 छक्के खर्चे हैं।
6. रनों का पीछा करते हुए आईपीएल में 1000 रन बनाने के मामले में रोहित शर्मा पांचवें कप्तान बन गए हैं। ऐसा करने वाले उनसे पहले बल्लेबाज गौतम गंभीर , विराट कोहली , गौतम गंभीर और एडम गिलक्रिस्ट रहें हैं। रोहित ने कल रनो का पीछा करते हुए 56 नाबाद रनों की पारी खेली थी और अपनी टीम मुंबई इंडियंस को जीत दिलाई थी।
7. चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाजों ने आखिरी के 10 ओवरों में मात्र 78 रन बनाए, जबकि उन्होंने पहले 10 ओवरों में 91 रन बनाए थे। आईपीएल 2018 में यह चेन्नई का आखिरी दस ओवरों में बनाया गया सबसे कम स्कोर है। चेन्नई द्वारा इससे पहले खेले गए 6 में से पांच मैचों में उन्होंने आखिरी दस ओवरों में 100 से अधिक रन बनाए थे। इससे पहले आखिरी 10 ओवरों में उनका सबसे काम स्कोर 97 था जोकि उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बनाया था।

ट्रेंडिंग वीडियो