scriptIPL-9: रहाणे ने छक्का लगाकर दिलाई पुणे को शानदार जीत | IPl-9: Rising Pune Supergaints baet Mumbai Indians by 9 wickets | Patrika News

IPL-9: रहाणे ने छक्का लगाकर दिलाई पुणे को शानदार जीत

Published: Apr 10, 2016 12:39:00 am

आईपीएल-9 के पहले मुकाबले में राइजिंग पुणे सुपरजाइंटस ने मुंबई इंडियंस को 9 विकेट के बड़े अंतर से हराते हुए जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत की

Rohit-Dhoni

Rohit-Dhoni

मुंबई। वानखेड़े स्टेडियम में शनिवार को खेले गए आईपीएल-9 के पहले मुकाबले में राइजिंग पुणे सुपरजाइंटस ने मुंबई इंडियंस को 9 विकेट के बड़े अंतर से हराते हुए जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत की। मुंबई की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 121 रन का मामूली स्कोर बनाया। धोनी की टीम ने पुणे सुपरजाइंटस ने इस लक्ष्य को 14.4 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। 

मुंबई की ओर से हरभजन ने आज बल्ले और गेंद दोनों से कमाल दिखाया लेकिन वे अपनी टीम को जीत की दहलीज पर नहीं पहुंचा सके। हरभजन ने 30 गेंदों में 45 रन बनाने के बाद गेंदबाजी में हाथ दिखाते हुए तीन ओवर में 24 रन देकर एक विकेट भी हासिल लिया। रहाणे ने छक्के के साथ टीम को जीत दिलाई। 

रहाणे ने लगाई 18वीं फिफ्टी 
लक्ष्य का पीछा करते हुए फाफ डू प्लेसिस और अजिंक्या रहाणे ने पुणे को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 9.4 ओवर में 78 रनों की पार्टनरशिप की। हरभजन ने प्लेसिस को आउट करते हुए इस पार्टनरशिप को तोड़ा। डू प्लेसिस ने 33 गेंदों में एक चौके और तीन छक्कों की मदद से 34 रनों की पारी खेली। अजिंक्या रहाणे ने आज शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। रहाणे ने 42 गेंदों में सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से तेज तर्रार 66 रन बनाए। ये उनकी आईपीएल में 18वीं फिफ्टी है। केविन पीटसन ने 14 गेदों में दो छक्कों की मदद से 21 रन बनाए।

मुंबई इंडियंस ने बनाए 8 विकेट पर 121 रन
हरभजन सिंह की तूफानी पारी (30 गेंदों में 45 रन) की बदौलत मुंबई इंडियंस ने आईपीएल-9 के अपने पहले मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 121 रन बना लिए है। हरभजन के अलावा अंबाती रायडू ने 22 और गेंदबाज विनय कुमार ने 12 रनों का योगदान दिया। राइजिंग पुणे सुपरजाइंटस की तरफ से इंशात शर्मा और मिशेल मार्श ने दो-दो तथा रजत भाटिया, मुरुगन अश्विन और आर.अश्विन ने एक-एक विकेट लिए।

मार्श ने दिए एक ही ओवर में दो झटके
इसके बाद 5वें ओवर में धोनी ने मिचेल मार्श को गेंद थमाई और उन्होंने पहली ही गेंद पर पांड्या (9) को पैवेलियन भेज दिया। उन्होंने मार्श के पुल करने की कोशिश की, लेकिन टाइम नहीं कर पाए और गेंद धोनी के दस्तानों में समा गई। इसके बाद मार्श ने अंतिम गेंद पर जोश बटलर (0) को भी वापस भेज दिया। बटलर ने कट शॉट खेला, जो स्लिप पर खड़े अश्विन के हाथों में चला गया और उन्होंने कोई गलती नहीं की। इस ओवर में मात्र एक रन बना। 

भाटिया ने झटका पोलार्ड का विकेट
सातवें ओवर में मार्श ने एक बार फिर कसी हुई गेंदबाजी की और मात्र 3 रन दिए। आठवें ओवर में धोनी ने गेंदबाजी में बदलाव किया और रजत भाटिया को मोर्चे पर लगा दिया। भाटिया ने आते ही कीरन पोलार्ड को पगबाधा आउटकर बड़ी सफलता दिला दी। भाटिया का यह ओवर मेडन रहा। धोनी ने गेंदबाजी में एक और बदलाव करते हुए मोर्चे पर मुरुगन अश्विन को लगाया। उन्होंने अपने पहले ही ओवर में अच्छी गेंदबाजी की और अंतिम गेंद पर श्रेयस गोपाल (2) को आउट किया। उन्हें अजिंक्य रहाणे ने लॉन्ग ऑफ पर लपका।12वां ओवर रजत भाटिया ने फेंका और 6 रन दिए।

ट्रेंडिंग वीडियो