क्रिकेट

आईपीएल नीलामी : सरताज रहे भारत के उनादकट और वरुण, विदेशी में कुर्रन

जयदेव उनादकट को पिछले साल राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा था। इस बार उसने इन्‍हें रिटेन नहीं किया था, लेकिन नीलामी में उन्‍हें खरीद कर एक बार फिर जोड़ा है।

Dec 19, 2018 / 08:59 am

Mazkoor

आइपीएल नीलामी : सरताज रहे भारत के उनादकट, वरुण, विदेशी में कुर्रन

जयपुर : आइपीएल के बीते सीजन की नीलामी में सबसे महंगे बिकने वाले वालों में शामिल बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट इस बार भी सबसे महंगे खिलाड़ी बने। पिछली बार वह इंग्‍लैंड के आलराउंडर बेन स्‍टोक्‍स से पिछड़ गए थे तो इस बार उनकी बराबरी पर तमिलनाडु का एक मिस्‍ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती आ खड़ा हुआ है। इन दोनों को नीलामी में 8.4 करोड़ रुपए की रकम मिली है।

सैम कुर्रन बने सबसे महंगे विदेशी
बता दें कि जयदेव उनादकट को पिछले साल राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा था। इस बार उसने इन्‍हें रिटेन नहीं किया था, लेकिन नीलामी में उन्‍हें खरीद कर एक बार फिर जोड़ा है। वहीं युवा स्पिनर वरुण अपने पहले आइपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से खेलते दिखेंगे। पंजाब ने उनके लिए भारी भरकम रकम अदा कर बड़ा जोखिम उठाया है। पंजाब ने इंग्लैंड के हरफनमौला खिलाड़ी सैम कुरैन के भी अच्छी-खासी कीमत मिली है। हाली ही में भारत के इंग्लैंड दौरे पर बल्ले और गेंद से दोनों से उन्‍होंने धमाल मचाया था। उन्‍हें भी पंजाब ने 7.2 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा है।

अक्षर और कोलिन दिल्‍ली के
विदेशी प्‍लेयर में कोलिन इंग्राम को भी अच्छी-खासी कीमत मिली। उन्‍हें 6.4 करोड़ रुपए में तो वहीं पिछली बार किंग्‍स इलेवन पंजाब की ओर से खेलने वाले हरफनमौला अक्षर पटेल के लिए दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने 5 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। मुंबई के लिए रणजी ट्रॉफी में सोमवार को लगातार पांच छक्के मारने वाले बल्लेबाज शिवम दुबे को भी पांच करोड़ की रकम मिली है। वह विराट कोहली की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के साथ आईपीएल पदार्पण करेंगे।

विंडीज खिलाड़ी रहे हॉट
हमेशा की तरह वेस्टइंडीज के खिलाड़ी सभी की नजरों में रहे। निकोलस पूरन के लिए पंजाब ने 4.2 करोड़ खर्च किए तो वहीं इतनी ही बोली बेंगलोर ने शिमरोन हेटमायेर के लिए लगाया। कार्लोस ब्राथवेट कोलकाता नाइट राइडर्स पांच करोड़ रुपए में अपने साथ ले गए।

चेन्‍नई के मोहित
मौजूदा विजेता चेन्नई सुपर किंग्स ने मोहित शर्मा के लिए पांच करोड़ दिए हैं तो वहीं पंजाब ने मोहम्मद शमी के लिए 4.8 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। ईशांत शर्मा को दिल्ली ने 1.1 करोड़ में अपने साथ जोड़ा है। श्रीलंका के लसिथ मलिंगा एक बार फिर मुंबई इंडियंस के साथ दिखेंगे। तीन बार की विजेता ने इस गेंदबाज को उनकी बेस प्राइस दो करोड़ में अपने साथ जोड़ा है। मुंबई ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बरिंदर सिंह सरण के लिए भी 3.4 करोड़ रुपए खर्च किए।

अंत में युवराज को मिला खरीदार
इन सभी के अलावा कुछ ऐसे नाम रहे हैं जिन्हें खरीददार नहीं मिल सका तो कुछ को अंत में किसी न किसी फ्रेंचाइजी ने खरीद लिया। बेस प्राइज पर खरीदे जाने वाले नामों में अव्वल रहे युवराज सिंह और मार्टिन गुप्टिल तो वहीं डेल स्‍टेन और ब्रेंडन मैक्कलम को खरीदार नहीं मिला। कोरी एंडरसन भी खाली हाथ रहे। डेल स्‍टेन के अलावा दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला, मोर्ने मोर्केल, इंग्लैंड के क्रिस वोक्स, क्रिस जोर्डन, एलेक्स हेल्स, आस्ट्रेलिया के उस्मान ख्वाजा, शॉन मार्श, श्रीलंका के एंजेलो मैथ्यूज, वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर को भी अभी तक खरीदार नहीं मिला।

Home / Sports / Cricket News / आईपीएल नीलामी : सरताज रहे भारत के उनादकट और वरुण, विदेशी में कुर्रन

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.