scriptएम एस धोनी को इन उपलब्धियों ने दिलाया है पद्म भूषण, जानें 14 साल के करियर की खास बातें | list of milestones achieved by Dhoni to become Padma Bhusan | Patrika News

एम एस धोनी को इन उपलब्धियों ने दिलाया है पद्म भूषण, जानें 14 साल के करियर की खास बातें

Published: Mar 21, 2018 01:44:35 pm

Submitted by:

Siddharth Rai

आइए नज़र डालते हैं धोनी की कुछ खास उपलब्धियों पर जो उन्हें बाकि खिलाड़ियों से अलग दर्शाती है ओर इस अवार्ड का सही हकदार बनाती हैं।

dhoni

नई दिल्ली। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में कई बड़ी हस्तियों को पद्म अवॉर्ड से सम्मानित किया। इसमें भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी समेत 5 अन्य खिलाड़ियों को भी पद्म पुरस्कारों से नवाजा गया। धोनी को भारतीय टीम में उनके अतुलनीय योगदान के लिए तीसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म भूषण से नवाज़ा गया। धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने अनेक ऊचाइयों को छुआ है। धोनी के अलावा 42 अन्य हस्तियों को भी पद्म पुरस्कारों से विभूषित किया गया।

पहले भी जीत चुके हैं कई पुरस्कार
पद्म भूषण से पहल धोनी कई पुरस्कार हासिल कर चुके हैं। साल 2008 में धोनी को आईसीसी की तरफ से वनडे प्लेयर ऑफ द ईयर चुना गया था। आईसीसी का ये अवार्ड जीतने वाले धोनी पहले भारतीय खिलाड़ी थे। इसके अलावा साल 2009 में विसडेन के ड्रीम टेस्ट इलेवन टीम में धोनी को जगह मिली थी। इस ड्रीम टीम में न सिर्फ जगह मिली बल्कि उन्हें इसका कप्तान भी चुना गया। वहीं साल 2009 में धोनी को भारत के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म श्री से भी नवाज़ा गया था। उसी साल धोनी को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार भी दिया गया था।

धोनी की उपलब्धियां
बता दें इस साल पद्म भूषण पुरस्कार से नवाजे जाने वाले धोनी इकलौते क्रिकेटर हैं। आइए नज़र डालते हैं उनकी कुछ खास उपलब्धियों पर जो उन्हें बाकि खिलाड़ियों से अलग दर्शाती है ओर इस अवार्ड का सही हकदार बनाती हैं।

# झारखण्ड की राजधानी रांची में रहने वाले का टिकट कलेक्टर से भारतीय कप्तान बनने तक का सफर बेहद दिलचस्प है। धोनी ने लम्बे संघर्ष के बाद साल 2004 में वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया और उसके एक साल बाद 2005 में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया।

# अपनी पहली ही वनडे सीरीज में पाकिस्तान के खिलाफ 148 रन की आतिशी पारी खेल कर धोनी क्रिकेट प्रशंसकों के दिल ओर दिमाग में छा गए। धोनी के लम्बे-लम्बे सिक्स लगाने का ये अंदाज़ सभी को बेहद पसंद आया।

# 2007 विश्वकप के बाद मुश्किल दौर से गुज़र रही भारतीय क्रिकेट टीम की कमान युवा धोनी को संभालने के लिए दी गई और टी-20 विश्व कप की युवा ब्रिगेड का कप्तान चुना गया। बतौर कप्तान अपना पहला टूर्नामेंट खेल रहे धोनी ने वो कर दिखाया जो सालों से कोई और कप्तान नहीं कर सका। भारत को पहले टी20 विश्व कप जिताया।

# साल 2008 और 2009 में महेंद्र सिंह धोनी लगातार दो बार आईसीसी वनडे ‘प्लेयर ऑफ द ईयर’ चुना गया। दो बार वनडे प्लेयर ऑफ द ईयर चुने जाने वाले वह पहले खिलाड़ी हैं।

# दिसंबर 2009 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने पहली बार टेस्ट रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया। ये भारतीय टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धि थी।

# साल 2011 यही वो साल था जब धोनी ने इतिहास के पन्नों को पलट कर रख दिया और भारत को 24 साल बाद विश्व चैंपियन बनाया। 1983 में कपिल देव के नेतृत्व में पहला विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम को 24 साल बाद बतौर कप्तान धोनी ने विश्व कप जिताया और मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का सपना पूरा किया।

# साल 2013 में भारत के लिए बतौर कप्तान आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीत कर धोनी ने अपने वनडे करियर में बतौर कप्तान सब कुछ हासिल कर लिया। इस जीत के साथ आईसीसी के सभी कप जीतने वाले धोनी दुनिया के पहले और इकलौते कप्तान बन गाए।

# आईपीएल में भी धोनी का जलवा कम नहीं हुआ उन्होंने अपनी टीम चेन्नई सुपर किंग्स को 2 बार साल 2010 और 2011 में चैंपियन बनाया।

# कैप्टन कूल के नाम से जाने-जाने वाले धोनी ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से क्रिकेट में एक अलग पहचान बनाई। उन्हें दुनिया के सबसे अच्छे मैच फिनीशर के तौर पर जाना जाता है। धोनी का हेलिकॉप्टर शॉट पूरी दुनिया में फेमस है।

# बहुत जल्द धोनी वनडे क्रिकेट में एक और कीर्तिमान हासिल करने वाले हैं। वो भारत की तरफ से सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और सौरव गांगुली के बाद वनडे क्रिकेट में 10000 से ज्यादा रन बनाने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे।

# 36 साल के एम एस धोनी अब तक 318 वनडे मैचों में 51.38 के औसत से 9967 रन बना चुके हैं। जिसमें 10 शतक और 67 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं बात की जाए टेस्ट मैच की तो 90 टेस्ट की 144 परियों में धोनी ने 38.09 के औसत से 4876 रन बनाए हैं जिसमें 6 शतक और 33 अर्धशतक शामिल हैं। धोनी 89 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में 1444 रन बना चुके हैं। धोनी विश्व के सबसे अच्छी विकेट कीपरों में भी गिने जाते हैं।

 

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो