मारवाड़ में देरी से पहुंचेगा मानसून!
जोधपुर। मारवाड़ में मानसून की बरखा का इंतजार इस बार थोड़ा लम्बा हो सकता है।...
जोधपुर
Updated: January 16, 2015 12:02:52 pm
जोधपुर। मारवाड़ में मानसून की बरखा का इंतजार इस बार थोड़ा लम्बा हो सकता है। यहां मानसून सामान्य से करीब एक सप्ताह की देरी से पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि इस दौरान बीच-बीच में पश्चिमी राजस्थान मानसून पूर्व की बरखा से भीगता रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, केरल में दक्षिण पश्चिम मानसून पहुंचने के बाद अब यह बहुत धीमी गति से आगे बढ़ रहा है। अभी यह पांच दिन पीछे चल रहा है। अभी तक मानसून केरल को भी पार नहीं कर पाया है। मानसून को इस समय महाराष्ट्र में होना चाहिए था। जून के आखिर या जुलाई के प्रथम सप्ताह में इसके प्रदेश में पहुंचने की संभावना है। ऎसे में मारवाड़ में 10 जुलाई के बाद ही मानसून दस्तक देगा।
मानसून पूर्व बारिश का चलेगा दौर
मारवाड़ में मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए इस महीने प्री मानसून बारिश की प्रबल संभावना है। बीसवीं सदी में केवल आठ साल ही ऎसे गुजरे, जिसमें जून में बादल नहीं बरसे। बाकी 92 सालों में मानसून पूर्व की बौछारें पड़ी हैं। वर्ष 1917 में तो प्री मानसून बारिश से रिकार्ड तोड़ 183.1 मिलीमीटर पानी बरसा। सूर्यनगरी में बीसवीं सदी में केवल आठ साल ही सूखे गुजरे हैं। वर्ष 1903, 1919, 1921, 1947, 1968, 1985, 1990 और 1992 के जून महीने में बूंदाबांदी तक नहीं हुई।
अब गर्मी ज्यादा नहीं सताएगी
मौसम वैज्ञानिकों की बात मानें तो अब जोधपुर का अधिकतम तापमान 42-43 डिग्री से ज्यादा नहीं होगा। अब तक अधिकतम पारा 46 डिग्री के आसपास पहुंच गया था, लेकिन अब हवा में नमी इसको नियंत्रित रखेगी। गौरतलब है कि जोधपुर में 7 जून 2011 को 47.8 डिग्री के साथ रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ी थी। इस बार इतनी गर्मी पड़ने के बावजूद तापमान ने इस आंकड़े को नहीं छुआ है।
15 जुलाई से पहले संभावना कम
इस बार प्रदेश में मानसून देरी से ही आएगा। राजस्थान में 15 जुलाई से पहले मानसून आने की संभावना नहीं है। हालांकि इससे पहले हल्की वष्ााü हो सकती है। अल नीनो के प्रभाव के कारण मानसून में देरी हो रही है। जब प्रशांत महासागर में प्रेशर बढेगा तो हालात बदलेंगे। हवा की गति धीमी होने के कारण अभी मानसून में समय लगेगा। - डॉ. एस सी पुरोहित, सेवानिवृत मौसम वैज्ञानिक, मौसम विभाग

पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
