क्रिकेट

2023 वर्ल्ड कप से पहले ये टीमें बदल सकती हैं अपने कप्तान को, भारत करेगा मेजबानी

2023 वर्ल्ड कप ( 2023 World Cup ) की मेजबानी भारत करेगा। भारत ने इससे पहले 2011 में विश्व कप की मेजबानी की थी।

Aug 10, 2019 / 05:17 pm

Kapil Tiwari

नई दिल्ली। आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 को खत्म हुए लगभग एक महीना होने वाला है। इस बार वर्ल्ड चैंपियन बनने में इंग्लैंड की टीम सफल रही। इंग्लैंड ने पहली बार वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। अब अगला विश्व कप 2023 में खेला जाएगा, जिसकी मेजबानी भारत को करनी है। इसके लिए तैयारियां अभी से शुरू हो चुकी हैं। जैसे-जैसे समय आगे बढ़ेगा सभी टीमें विश्व कप की तैयारियां तेज कर देंगी।

2023 वर्ल्ड कप तक सभी टीमों में बड़े बदलाव देखने को मिल जाएंगे। इसके अलावा कुछ टीमों के कप्तान भी बदले हुए नजर आ सकते हैं। यहां हम आपको उन टीमों के बारे में ही बता रहे हैं, जिनके कप्तान 2023 विश्व कप तक बदलना तय है।

 

दक्षिण अफ्रीका

सबसे पहले तो बात करते हैं इस विश्व कप में अपने प्रदर्शन से सभी को हैरान करने वाली दक्षिण अफ्रीका की, जो वर्ल्ड चैंपियन की दावेदार मानी जा रही थी और सेमीफाइनल के लिए भी क्वालीफाई नहीं कर पाई। बांग्लादेश और पाकिस्तान के हाथों हारने के बाद दक्षिण अफ्रीका की काफी किरकिरी हुई थी। इस निराशाजनक प्रदर्शन के बाद सबसे ज्यादा सवाल डुप्लेसिस की कप्तानी पर उठे थे। ऐसे में 2023 विश्व कप से पहले तो उनको कप्तानी से हटाना लगभग तय ही है। हालांकि बोर्ड ने इस बात के संकेत दे दिए हैं। भारत दौरे के लिए डुप्लेसिस को सीमित ओवरों की कप्तानी नहीं दी जाएगी, ये संकेत बोर्ड ने दे दिए हैं। फॉफ डुप्लेसिस की जगह टीम के युवा खिलाड़ी एडेन मार्करम को नया कप्तान बनाया जा सकता है।

 

Sarfraz Ahmed

पाकिस्तान

विश्व कप 2019 में अगर किसी टीम के कप्तान की सबसे ज्यादा फजीहत हुई है तो वो पाकिस्तान के सरफराज अहमद हैं। पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी और विश्व कप से बाहर हो गई। सरफराज को हटाने की बातें तो इस वर्ल्ड कप के बाद से ही शुरू हो गई थीं। ये भी नहीं कहा जा सकता कि उनकी कप्तानी कितने दिन रहेगी। सरफराज अहमद बीते कुछ दिनों से अपनी बल्लेबाजी और कप्तानी की वजह से आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं। पीसीबी सरफराज की जगह युवा बल्लेबाज बाबर आजम या हैरिस सोहेल को नया कप्तान बना सकता है। 2019 विश्व कप में पाकिस्तान 9 मैच खेले थे और इस दौरान टीम को सिर्फ पांच में जीत नसीब हुई थी, जबकि तीन में हार का सामना करना पड़ा था।

 

Mashrafe Mortaza

बांग्लादेश

2019 वर्ल्ड कप में अपने प्रदर्शन से चौंकाने वाली बांग्लादेश टीम के कप्तान मशरफे मुर्तजा हो सकता है 2023 वर्ल्ड कप से पहले ही रिटायरमेंट का ऐलान कर दें। कहा तो जा रहा था कि मुर्तजा 2019 वर्ल्ड कप खत्म होते ही संन्यास का ऐलान कर सकते हैं, लेकिन अभी तक तो ऐसा कुछ नहीं हुआ है। वैसे तो मुर्तजा ने अपनी कप्तानी से बांग्लादेश क्रिकेट टीम को काफी आगे पहुंचाया है, लेकिन मौजूदा समय में उनकी फिटनेस उनके साथ नहीं है। ऐसे में उन्हें कप्तानी से हटाया जा सकता है। माना जा रहा है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड मशरफे मुर्तजा के स्थान पर सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल को वनडे टीम का नया कप्तान नियुक्त कर सकता है।

Home / Sports / Cricket News / 2023 वर्ल्ड कप से पहले ये टीमें बदल सकती हैं अपने कप्तान को, भारत करेगा मेजबानी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.