script

World Cup 2019 में धोनी का टीम में रहना जरूरी, उसके बाद पंत को मिले मौका – वीरेंद्र सहवाग

locationनई दिल्लीPublished: Sep 14, 2018 04:27:24 pm

Submitted by:

Prabhanshu Ranjan

विश्व कप 2019 में भारतीय टीम में महेंद्र सिंह धोनी हो या रिषभ पंत, इस बहस पर पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने रखी अपनी राय….

virendra sehwag

महेंद्र सिंह धोनी को विश्व कप तक खेलना चाहिए ODI, उसके बाद इस पंत को मिले मौका – वीरेंद्र सहवाग

नई दिल्ली। लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट टीम में विकेटकीपिंग की अहम भूमिका निभाने वाले पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अब 37 साल के हो चुके हैं। बढ़ती उम्र के कारण धोनी ने पहले ही टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। लेकिन अब उनके वनडे और टी-20 क्रिकेट से भी संन्यास लेने की अटकले जाहिर की जा रही है। हालांकि कई क्रिकेट विशेषज्ञ धोनी को विश्व कप 2019 तक भारतीय टीम में देखना चाहते है। इधर धोनी के बाद टीम में उनकी भूमिका लेने वाले की तलाश भी जारी है। नए खिलाड़ियों में जो धोनी की जगह ले सकते हैं, उनमें रिषभ पंत का नाम सबसे ऊपर है। हाल ही में रिषभ ने इंग्लैंड के खिलाफ लंदन टेस्ट में तूफानी शतक भी लगाया था। ऐसे में लोग धोनी और रिषभ के बीच तुलना भी कर रहे हैं।

धोनी को विश्व कप खेलना चाहिए- सहवाग
धोनी और रिषभ के बीच जारी तुलना के मद्देनजर भारत के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेन्द्र सहवाग ने अपनी राय जाहिर की है। सहवाग ने साफ कहा कि महेन्द्र सिंह धोनी को 2019 में होने वाले विश्व कप तक भारत की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीम का हिस्सा बने रहना चाहिए। सहवाग ने कहा कि हालांकि धोनी अगले विश्व कप के फाइनल तक 38 वर्ष के हो जायेंगे लेकिन उनका वनडे करियर शानदार रहा है जिसमें उनके नेतृत्व में भारतीय टीम का 2011 में विश्व कप जीतकर चैंपियन बनना भी शामिल है।

रिषभ पंत पेश कर रहे हैं दावेदारी-
उल्लेखनीय है कि इंग्लैंड में हाल ही में खेली गयी एकदिवसीय सीरीज के दौरान धोनी के प्रदर्शन को लेकर उनकी काफी आलोचना हुई थी। भारतीय टीम के प्रबंधन की ओर से इस बात के कोई संकेत नहीं मिले हैं कि इंग्लैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट में शतक लगाने वाले युवा विकेटकीपर बल्लेबाज रिषभ पंत को धोनी की जगह वनडे टीम में शामिल किया जा सकता है।

धोनी के पास 300 मैचों का अनुभव-
धोनी के पूर्व साथी खिलाड़ी सहवाग का मानना है कि पूर्व कप्तान धोनी का अगले विश्व कप तक भारत की वनडे टीम में बने रहना जरूरी है। सहवाग ने कहा कि मेरी निजी राय में एम एस धोनी को विश्व कप 2019 तक टीम का हिस्सा बने रहना चाहिए। वीरू ने आगे कहा कि यदि आप रिषभ को अभी से खिलाना शुरू करते हैं तब भी वह विश्व कप तक 15-16 वनडे मैच ही खेल पाएंगे जो कि धोनी की तुलना में काफी कम है, जिन्होंने 300 से भी अधिक वनडे मैच खेले हैं। मैं चाहता हूं कि धोनी ही विश्व कप में खेलें।

धोनी के संन्यास के बाद पंत को मिले मौका-
भारतीय टीम के पूर्व ओपनर सहवाग ने कहा कि पंत ऐसे खिलाड़ी हैं जो छक्के मार सकते हैं लेकिन जब आप धोनी की बात करेंगे तो उन्होंने अकेले की देश को कई मैच जिताए हैं। मैं चाहूंगा कि धोनी के संन्यास लेने के बाद पंत ही उनकी जगह लें। सहवाग ने कहा कि धोनी के पास 15 सितंबर से शुरू हो रहे एशिया कप में प्रदर्शन कर अपने आलोचकों को जवाब देने का अच्छा मौका है।

ट्रेंडिंग वीडियो