मची अफरा-तफरी
जहानाबाद पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि शुक्रवार को विजयादशमी के मौके पर जब बड़ी संख्या में लोग जहानाबाद के ठाकुरबाड़ी इलाके में मेला देख रहे थे, तभी भीड़ का फायदा उठा कर मनचलों ने 15 से ज्यादा लड़कियों और महिलाओं को ब्लेड मार कर घायल कर दिया। इसके बाद वहां दहशत फैल गई और अफरा-तफरी मच गई। कई लोग डर कर मेला छोड़ घर लौट गए। पुलिस ने यह भी बताया कि पीड़ितों में अधिकतर युवतियों की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
घायलों को कराया गया अस्पताल में भर्ती
सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जहानाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने शनिवार को जानकारी दी कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज देख कर आरोपियों के पहचान करने की कोशिश कर रही है। मामले की छानबीन की जा रही है। उम्मीद है अपराधी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।