क्राइम

Video: रांची में BJP नेता को बड़ी बेरहमी से गोली मार गए बदमाश, देखते रहे लोग

हत्या के पीछे जमीनी विवाद को वजह बताया जा रहा है।

Mar 11, 2018 / 06:38 pm

Kapil Tiwari

BJP leader Murder in Ranchi

रांची: झारखंड के रांची से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बीजेपी के एक नेता की गोली मारकर बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी गई। मर्डर की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड भी हुई है। पूरी घटना रांची के लोहरदगा इलाके की है, जहां के भाजपा जिला कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी है।
सीसीटीवी में कैद हुआ पंकज गुप्ता का मर्डर
जानकारी के मुताबिक, पंकज गुप्ता को रविवार सुबह करीब 8:30 बजे बदमाशों ने पिस्का स्टेशन के पास गोली मारी। पूरी वारदात सीसीटीवी में भी कैद हुई है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि बदमाश पहले तो पंकज गुप्ता के आसपास ही घूम रहे थे। मौका देखते ही हेलमेट पहने एक शख्स ने पंकज गुप्ता के सिर में गोली मार दी। सिर में गोली लगने के साथ पंकज गुप्ता जमीन पर नीचे गिर गए और उसके बाद बदमाशों ने पंकज गुप्ता की छाती पर गोली चलाई।
जिस वक्त ये घटना घटी वहां पर और भी लोग मौजूद थे, लेकिन उस वक्त किसी ने भी बदमाशों को पकड़ने या फिर पंकज गुप्ता को अस्पताल पहुंचान की जहमत नहीं की। बड़े आराम से बदमाश गोली मारकर वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है
वहीं घटना के बाद मौके पर आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दी। सड़क जाम करने से रांची गुमला मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बताया कि अपराधियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं वरीय पुलिस अफसरों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
हत्या की वजह जमीनी विवाद हो सकता है
हालांकि अभी इस घटना के पीछे की वजह का पता नहीं चल पाया है, लेकिन कहा जा रहा है कि ये हत्या जमीनी विवाद की वजह से हुई है। लोहरदगा निवासी पंकज गुप्ता ने पिस्का में हाल ही में जमीन खरीदी थी, जिसकी चाहर दिवारी निर्माण के सिलसिले में वह अक्सर नगड़ी आते-जाते थे। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस हत्या का कारण जमीन विवाद हो सकता है।
सीएम रघुवर दास ने जल्द कार्रवाई के दिए निर्देश
लोहरदगा जिला भाजपा के कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता की हत्या पर दुख जताते हुए सीएम रघुवर दास ने डीजीपी को अपराधियों को तुरंत गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने रांची एसएसपी से फ़ोन पर बात कर पूरे मामले की जानकारी ली है। सीएम ने कहा है कि इस दुख की घड़ी में पूरी भाजपा पंकज गुप्ता के परिजनों के साथ है। पार्टी हर स्तर पर परिवार की मदद करेगी।
लोहरदगा को किया गया बंद
वहीं पंकज गुप्ता की हत्या के विरोध में लोहरदगा बंद बुलाया गया। भाजपा, कांग्रेस, अंजुमन इस्लामिया, ट्रक ऑनर एसोसिएशन सहित विभिन्न संगठन के लोगों ने सड़क पर उतर कर हत्या का विरोध किया। साथ ही जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की।

Home / Crime / Video: रांची में BJP नेता को बड़ी बेरहमी से गोली मार गए बदमाश, देखते रहे लोग

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.