क्राइम

बिहारः रेप के आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस की बाउंसरों ने की पिटाई, दारोगा के वर्दी तक फाड़े

Bihar News: बिहार में रेप के आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस जवानों पर प्राइवेट हॉस्पिटल के बाउंसरों ने हमला कर दिया। बाउंसरों की हाथापाई में एक दारोगा की वर्दी तक फट गई। इसके अलावा कई सिपाहियों को भी चोट आई है।

Aug 07, 2022 / 03:30 pm

Prabhanshu Ranjan

Bouncers attack on Police who came to arrest a Doctor in rape case (File Photo)

बिहार पुलिस की बेबसी का एक और उदाहरण सामने आया है। यहां अपराधियों को गिरफ्तार करने या छापेमारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर अक्सर हमला होता है। लेकिन अब जो मामला सामने आया है, वो अन्य घटनाओं से अलग है। सबसे बड़ी बात तो यह कि पुलिस टीम पर हमले की यह घटना राजधानी पटना में घटी। हमले के आरोपी कोई पेशेवर अपराधी नहीं बल्कि एक मशहूर प्राइवेट हॉस्टिपल के बाउंसर हैं। बाउंसरों द्वारा पुलिस की पिटाई की यह घटना तब हुई जब पुलिस टीम रेप के आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार करने पहुंची थी।

मिली जानकारी के अनुसार बिहार के बेगूसराय जिले के एक डॉक्टर पर रेप का पुराना केस चल रहा है। उक्त डॉक्टर इस समय राजधानी पटना के एक नामी हॉस्पिटल में कार्यरत है। इसी केस में जब पुलिस के जवान आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची तब बाउंसरों ने जवानों पर ही हमला कर दिया। इस हमले से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इस बीच पुलिस पर अटैक की जानकारी मिलते ही तुरंत ही दूसरे थानों से बड़ी संख्या में जवान घटनास्थल पर पहुंचे। जिसके बाद आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया।

 

पुलिस की वर्दी का भी बाउंसरों ने नहीं रखा मान-
बताया गया कि गिरफ्तारी के दौरान डॉक्टर द्वारा शोरगुल मचाने पर हॉस्पिटल के बाउंसर पहुंचे और दीघा थाना के दारोगा समेत दूसरे पुलिसकर्मियों को जमकर धुन डाला। इस दौरान बाउंसरों ने पुलिस की वर्दी की भी मान मर्यादा नहीं रखा। पुलिस वालों को अपनी जान बचाने के लिए वायरलेस पर मैसेज फ़्लैश करना पड़ा। बाद में बड़ी संख्या में पुलिस के जवान पहुंचे तो आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया।

यह भी पढ़ेंः इंतजार कीजिए, सुधरने वाली है बिहार पुलिस

पुलिस पर हमले के मामले में 20-25 लोगों पर केस-
काफी मशक्कत के बाद पुलिस कर्मियों की धुनाई करने वाला एक बाउंसर भी पकड़ा गया। इस घटना के बारे में दबी जुबान से खुद की पिटाई की बात दारोगा ने स्वीकार की। पुलिस ने मारपीट करने के मामले में 20-25 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बहरहाल इस पूरे मामले में छानबीन जारी है और अधिकारियों के संज्ञान में मामला लाया गया है।

Home / Crime / बिहारः रेप के आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस की बाउंसरों ने की पिटाई, दारोगा के वर्दी तक फाड़े

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.