क्राइम

पंजाब: पार्लर में तैयार होने गई दुल्हन का दिनदहाड़े अपहरण, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

आरोपियों ने लड़की को फिरोजपुर कैंट में छोड़ दिया और फरार हो गए।

Jan 25, 2019 / 08:19 pm

Kapil Tiwari

Bride Kidnapped

नई दिल्ली। पंजाब के बठिंडा में दुल्हन को शादी वाले दिन अगवा कर लेने का गंभीर मामला सामने आया है। ब्यूटी पार्लर में तैयार होने गई 20 साल की युवती को कुछ हथियारबंद बदमाशों ने पार्लर के अंदर से किडनैप कर लिया। ये पूरी घटना पास ही में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस घटना ने पंजाब की कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।

पार्लर से दुल्हन को किया किडनैप

जानकारी के मुताबिक, पूरी घटना मुक्तसर इलाके की है, जहां फजिल्का जिले के इस्लामाबाद कस्बे की रहने वाली युवती अपनी शादी वाले दिन ब्यूटी पार्लर में तैयार होने के लिए आई थी। जिस वक्त वो पार्लर में तैयार हो रही थी, तभी छह हथियारबंद बदमाशों ने उसे पार्लर के अंदर से उठा लिया। हालांकि कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने लड़की को फिरोजपुर कैंट से बरामद कर लिया, लेकिन आरोपियों तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने युवती को फिरोजपुर कैंट में ही छोड़ दिया था और उसके बाद फरार हो गए।

लड़की ने की बचने की पूरी कोशिश

इस घटना के सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि किस तरह हथियारबंद बदमाशों ने लड़की को जबरन कार में डालना चाहा। लड़की ने बचने की पूरी कोशिश की, लेकिन दो बदमाशों ने उसके हाथ-पैर पकड़कर उसे उठा लिया और कार में ले जाकर रख दिया।

आरोपियों की धरपकड़ के लिए हो रही है छापेमारी

लड़की के परिवारवालों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अपनी शिकायत में उन्‍होंने जलालाबाद के तलविंदर सिंह और हैडवंडर सिंह को नामजद किया है। बताया जाता है कि अपहरण के आरोपी लड़की को पहले से जानते थे। हालांकि इस घटना के मकसद का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी की कोशिशों में जुटी है।

Home / Crime / पंजाब: पार्लर में तैयार होने गई दुल्हन का दिनदहाड़े अपहरण, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.