जहानाबाद में लड़की के साथ छेड़छाड़ नहीं बल्कि हुआ था गैंगरेप, पीड़िता ने सुनाई आपबीती
पीड़िता ने कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं को अपनी आपबीती बताई है। पीड़िता ने बताया है कि आरोपियों ने बंदूक की नोंक पर बारी-बारी से रेप किया था।

पटना। पिछले दिनों बिहार के जहानाबाद में एक दलित लड़की के साथ छेड़छाड़ का एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में पांच से छह लड़के नाबालिग लड़की के साथ जबर्दस्ती करने की कोशिश कर रहे थे। वीडियो को लेकर काफी बवाल भी हुआ था। अब इस मामले में बेहद ही चौंकाने वाला सच सामने आया है। हालांकि अभी इसको लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दरअसल, इस मामले में अब ये बात सामने आई है कि लड़की के साथ सिर्फ छेड़छाड़ ही नहीं बल्कि गैंगरेप भी किया गया था। ये बात कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहीं।
जहानाबाद में नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप की हुई थी वारदात
राजधानी पटना में कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने बताया कि नाबालिग लड़की के साथ उन मनचलों ने सिर्फ छेड़छाड़ ही नहीं, बल्कि गैंगरेप भी किया था। इतना ही नहीं इन सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर गुनहगारों को बचाने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुलिस सिर्फ इस घटना को छेड़छाड़ का मामला बता रही है।
सामाजिक कार्यकर्ताओं की टीम ने पीड़िता से की मुलाकात
आपको बता दें कि सोमवार को जिन सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ये बात कही, उन्होंने पहले शनिवार को पीड़िता से मुलाकात की थी। पीड़िता से मिलने वालों में कंचनबाला, सुध वर्गीज, रजनी, अधिवक्ता अशोक कुमार, मणिलाल और जहानाबाद की महिला कार्यकर्ता मीरा यादव थीं।
पीड़िता ने बताई आपबीती
कथित रूप से पीड़िता ने जांच टीम को बताया कि वो 25अप्रैल को सुबह नौ बजे घर के पास ही के बाजार में कुछ सामान लेने के लिए गई थी। बाजार में ही उसे अरविंद नाम का लड़का मिला, जो उसका परिचित था। उसने पीड़िता से कहा कि चलो बाइक पर बैठ जाओ मैं तुम्हें घर छोड़ दूंगा। लड़की भी अरविंद की बातों में आ गई और उसने उस पर विश्वास करते हुए बाइक पर बैठने को तैयार हो गई।
बंदूक की नोंक पर कई लड़कों ने बारी-बारी से किया रेप
इसके बाद अरविंद पीड़िता को बाइक पर बिठाकर भरथुआ नहर की तरफ ले गयां, जहां अरविंद के अलावा कई और लड़के पहले से मौजूद थे। इसके बाद सभी लड़कों ने लड़की के साथ गैंगरेप किया और लड़की के कपड़े अपने पास रख लिए। बाद में अरविंद ने दूसरे कपड़े लड़की को दिए। आरोपियों ने इस दौरान पीड़िता को बंदूक दिखाई और कहा कि अगर किसी को बताया तो तुम्हें और तुम्हारे परिवार को जान से मार देंगे।
आपको बता दें कि बिहार के जहानाबाद जिले का ये वीडियो बताया गया था। जिसमें एक नाबालिग़ बच्ची से छेड़छाड़ की जा रही थी। वीडियो में पांच-छह लड़के एक लड़की को घेरकर उससे छेड़छाड़ करते नजर आ रहे थे। बाद में पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें (Hindi News App) Get all latest Crime News in Hindi from Politics, Crime, Entertainment, Sports, Technology, Education, Health, Astrology and more News in Hindi