आगरा

यूपी-राजस्थान सीमा पर अपहरण की ये कहानी बिलकुल फिल्मी है

देवेन्द्र का अपहरण, चाचा को राजस्थान पुलिस ने उठाया, महिलाओं को बांधकर डाल गए, केन्द्र में आगरा का थाना

आगराFeb 28, 2019 / 11:05 pm

Bhanu Pratap

UP police

आगरा। चंबल के बीहड़ के नाम से लोग कांप जाते थे। एक बार फिर दहशत का माहौल बनता चला जा रहा है। विशेषकर थाना मनसुखपुरा क्षेत्र में बदमाशों की भारी दहशत बनी हुई है। आलम ये है कि रात तो दूर, लोग दिन में भी अपने आप को असुरक्षित मान रहे हैं। मनसुखपुरा थाना क्षेत्र राजस्थान सीमा का थाना है। यहां करीब एक दशक से बदमाशों की भारी दहशत बनी हुई है।
मंगलवार और बुधवार की घटना

मंगलवार रात को बदमाशों ने राजाखेड़ा (धौलपुर, राजस्थान) के बाबरपुर निवासी किसान देवेन्द्र का अपहरण कर लिया था। इसके बाद से यहां भारी दहशत है। अपहरण के शक पर बुधवार शाम राजाखेड़ा पुलिस ने थाना मनसुखपुरा के गांव मैदीपुरा हार निवासी रामबरन को उठा लिया था। बुधवार रात रामबरन के घर पर बाबरपुर से देवेन्द्र के परिजन भारी संख्या में पहुंचे। वहां से रामबरन के भतीजे सौरभ को उठा लाये। रामबरन की पत्नी ब्रजेश व बहन के हाथ पाव बांधकर घर पर ही छोड़ आये।
गुरुवार को क्या हुआ

गुरुवार की सुबह जब अन्य परिजन घर पर पहुंचे तो दोनों महिलाओं को बंधे पड़े देखा। पुलिस को 100 नम्बर पर सूचना दी। थाना मनसुखपुरा पुलिस व सीओ पिनाहट प्रदीप कुमार मौके पर पहुंच गये। रामबरन की पत्नी ब्रजेश ने बताया कि करीब तीस चालीस लोग रात को घर पर आये। सौरभ को पकड़ कर ले गये। यह कह कर कि जब देवेन्द्र मिल जायेगा, तब इसे छोड़ेंगे। देवेन्द्र के अपहरण में आपका ही हाथ है।
क्या कहती है पुलिस

थानाध्यक्ष राजाखेडा मनोहर लाल ने बताया कि रामबरन को पकड़ा गया है। अपहरण के बारे में पूछताछ की जा रही है। सौरभ को किसी ने नहीं उठाया है। परिजन नौटंकी बना रहे हैं। वही रामबरन के परिजन भूरा के अनुसार, उनके पास बाबरपुर से फोन आया कि वो जल्द ही सौरभ को छोड रहे हैं। आप थाने में रिपोर्ट न करें। सीओ पिनाहट प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। जल्द ही क्षेत्र में कॉम्बिंग करायी जायेगी।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.