रायपुर। फिल्मी स्टाइल में बुनी हुई नागकन्या की कहानी का पर्दाफाश हो गया है। यहां की एक लड़की ने अपने आपको नागकन्या और नागदेवता से शादी की कहानी का प्रचार उसके प्रेमी के कहने पर किया था। ना केवल प्रेमी ने झूठी कहानी का प्रचार करवाया बल्कि उसका रेप भी किया। झूठ तब सामने आया जब उसे अस्पताल ले जाया गया। इस साल जुलाई में सूरजपुर के विश्रामपुर के नजदीक गांव कसगेला में इस लड़की ने इच्छाधारी नाग के साथ शादी होने का दावा किया था। बताया जाता है कि लड़की एक दिन अपने कमरे में बैठी थी कि अचानक नाग रूप में आए नागदेवता इंसान में बदल गए। देखते ही वह बेहोश हो गई और जब होश आया तो वह नागदेवता के घर में थी। नाग देव ने मांग में सिंदूर भरकर उससे शादी कर ली। जब होश आया तो वह अपने घर में थी। उसकी मांग में लगा ङ्क्षसदूर भी नहीं मिट रहा था। जैसे ही यह बात लोगों को पता चली तो दूर-दूर से लोग उसे देखने आने लगे। हद तो तब हो गई जब लड़की ने कहा कि नाग पंचमी को वह नागलोक जाएगी। इस दिन उसने उपवास रखा। लोगों ने उसकी पूजा-अर्चना करना शुरू कर दिया। उपवास के चलते लड़की की तबीयत खराब हो गई और पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। अब लड़की आरोप लगा रही है कि बिंदू राजवाड़े नाम का युवक 15 जुलाई को उसे प्रलोभन देकर मंदिर ले गया और मांग में सिंदूर भर कर शादी रचाई। नागदेवता और नागकन्या की कहानी प्रचारित करने का दबाव भी बिंदू ने ही डाला। इसके बाद 20 सितंबर को बिंदू उसे फिर घर से उठाकर ले गया और उसके साथ रेप किया। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।