क्राइम

छत्तीसगढ़ में माओवादियों ने किया चार पुलिसकर्मियों का अपहरण

दो दिन पहले भी सुकमा जिले से एक सहायक आरक्षक को माओवादियों ने अगवा कर लिया था

Jul 14, 2015 / 08:14 am

शक्ति सिंह

Naxal Problem

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सोमवार दोपहर माओवादियों ने चार जवानों का अपहरण कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के बेदरे थाना में तैनात चार आरक्षक सोमवार दोपहर कुटरू से बेदरे के लिए रवाना हुए थे। दो जवान बस में सवार हुए थे, जबकि दो जवान अपनी मोटरसाइकिल से बेदरे जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस आरक्षकों के आने की भनक माओवादियों को लग गई।

उन्होंने जंगल में बस को रोककर उसमें सवार दोनों आरक्षकों को नीचे उतार लिया। इसी बीच मोटरसाइकिल से सवार आरक्षक भी वहां से गुजर रहे थे, जिन्हें माओवादियों ने रोका और बंदूक के दम पर चारों को अगवा कर जंगल की ओर ले गए। माओवादियों और जवानों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। दो दिन पहले भी सुकमा जिले से एक सहायक आरक्षक को माओवादियों ने अगवा कर लिया था, जिसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

बीजापुर के एसपी केएल ध्रुव ने बताया कि चार जवानों को माओवादियों ने अपहरण कर लिया है। जवानों की तलाश में पुलिस पार्टियां संभावित स्थलों की ओर रवाना की गई हैं।

अपह्वत जवानों के नाम
जयदेव यादव, सहायक आरक्षक
राजू तेला, सहायक आरक्षक
मंगल सोड़ी, सहायक आरक्षक
रामा मज्जी, सहायक आरक्षक

Home / Crime / छत्तीसगढ़ में माओवादियों ने किया चार पुलिसकर्मियों का अपहरण

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.