script

निर्भया के दोषी तिहाड़ में इस तरह कट रहे हैं आखिरी दिन, देश में दूसरी बार 4 दोषियों को होगी एकसाथ फांसी

locationनई दिल्लीPublished: Dec 12, 2019 08:56:27 am

Submitted by:

Kapil Tiwari

– निर्भया गैंगरेप के चारों दोषियों को हाल ही में मंडोली जेल से तिहाड़ में शिफ्ट किया गया है
– जेल प्रशासन फांसी की तैयारियों को पूरा कर चुका है

nirbhayas_convicts.jpg

नई दिल्ली। निर्भया गैंगरेप के चारों दोषियों की फांसी एकबार फिर से पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है। माना जा रहा है कि बहुत जल्द चारों को फांसी के फंदे पर लटकाया जा सकता है। चारों दोषियों को तिहाड़ जेल में शिफ्ट किया जा चुका, जहां फांसी को लेकर जेल प्रशासन पहले ही तैयारियां कर चुका है।

देश में दूसरी बार दी जाएगी 4 लोगों को एकसाथ फांसी

16 दिसंबर 2012 को रूह कंपा देने वाली वारदात को अंजाम देने वाले चारों दरिंदों की फांसी का समय नजदीक आ चुका है। दिल्ली की तिहाड़ जेल में पहली बार और देश में दूसरी बार चार लोगों को एक साथ फांसी के फंदे पर लटकाया जाएगा। बता दें कि तिहाड़ जेल में इससे पहले दो लोगों को एकसाथ फांसी दी जा चुकी है। 37 साल पहले 31 जनवरी 1982 को गैंगरेप के ही एक मामले में रंगा-बिल्ला को फांसी दी गई थी। वहीं चार लोगों को एकसाथ फांसी पुणे की यरवदा जेल में दी जा चुकी है। ये चारों 27 नवंबर 1983 को जोशी अभयंकर केस में दोषी थे। इन्होंने 10 लोगों का कत्ल किया था। दिल्ली की तिहाड़ जेल में आखिरी फांसी खूंखार आतंकी अफजल गुरू को ही दी गई थी।

निर्भया के दोषियों की फांसी की तैयारी लगभग पूरी!

तिहाड़ जेल के सूत्रों की मानें तो जेल प्रशासन निर्भया के दोषियों को फांसी की सजा देने की तैयारियों में जुट चुका है। फांसी के लिए जल्लाद भी खोजे जा रहे हैं। तिहाड़ की तीन नंबर बिल्डिंग में फांसी देने का काम किया जाता है। इस बिल्डिंग में 16 डेथ सेल बनाए गए हैं जहां फांसी की सजा पाए हुए दोषियों को रखा जाता है। इसकी सुरक्षा का जिम्मा पुलिस की स्पेशल टीम के हाथों में होता है।

ऐसे आखिरी दिन काट रहे हैं निर्भया के दोषी

– आपको बता दें कि निर्भया के चारों दरिंदों को तिहाड़ जेल लाया जा चुका है, जहां वो अपने आखिरी दिन बिता रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अपनी फांसी की खबरों को देखकर विनय, पवन गुप्ता, मुकेश और अक्षय सहमे हुए हैं। वो लगातार टीवी पर अपनी फांसी की खबरें देख रहे हैं। जेल प्रशासन को भी इस बात की चिंता है, इसीलिए सुबह-शाम चारों दोषियों का मेडिकल कराया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि पवन के तिहाड़ जेल आने के बाद जेल में यह अफवाह फैल गई है कि चारों आरोपियों को एक साथ फांसी दी जाएगी।

– जेल सूत्रों का कहना है कि सभी दोषियों को अलग अलग सेल में रखा गया है। इनके साथ हम उम्र दो-दो कैदियों को रखा गया है। इनके साथ ऐसे कैदियों को रखा गया है जो स्वभाव से उग्र नहीं हैं और उनका व्यवहार अच्छा है। उन कैदियों को इन्हें समझाने-बुझाने के लिए कहा गया है।

– गौरतलब है कि तिहाड़ में इन दिनों जहां फांसी दी जानी है उस कक्ष की सफाई चल रही है। ऐसा तभी किया जाता है जब किसी कैदी को फांसी जल्द ही लगने वाली हो। हालांकि इस पर अब भी जेल प्रशासन कुछ भी साफ-साफ कहने से इनकार कर रहा है।

ट्रेंडिंग वीडियो