राजगढ़

मैदान में गूंजी मुहिम की आवाज, शहर को पर्यटन का दर्जा दिलाने खिलाडिय़ों ने लगाए चौके-छक्के

इस अभियान का समर्थन करते हुए इसके लिए पत्रिका टीम को साधुवाद दिया

राजगढ़Feb 13, 2023 / 05:10 pm

chandan singh rajput

मैदान में गूंजी मुहिम की आवाज, शहर को पर्यटन का दर्जा दिलाने खिलाडिय़ों ने लगाए चौके-छक्के

नरसिंहगढ़। शहर को पर्यटन दर्जा दिलाए जाने पत्रिका के अभियान को हर वर्ग के लोगों का समर्थन मिल रहा है। मुहिम के समर्थन में रविवार को नृसिंह ग्राउंड पर मैत्री मैच का भी आयोजन किया गया, जिसमें युवा खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करने थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर पहुंचे, जिन्होंने पत्रिका के इस अभियान का समर्थन करते हुए इसके लिए पत्रिका टीम को साधुवाद दिया। साथ ही उन्होंने शहर को जल्द से जल्द पर्यटन का दर्जा मिले इसकी भी आवाज बुलंद की। मैत्री क्रिकेट मैच सूरजपोल टीम के कप्तान मनीष गुप्ता और मॉर्निंग इलेवन टीम कप्तान भानू सोनी की अगुवाई में खेला गया। जिसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में मॉर्निंग इलेवन ने 128 रन बनाए। वहीं सूरजपोल टीम 92 रनों पर ही सिमट कर रह गई। इस दौरान खिलाडिय़ों ने उत्साह के साथ शहर को पर्यटन की पहचान दिलाने खुले मन से अभियान का समर्थन किया।

-पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध हमारे शहर को पर्यटन की पहचान मिले, यहां विकास हो, रोजगार के अवसर बढ़े। साथ ही साथ शहर की प्रतिभाओं को भी मंच मिले। पत्रिका का यह अभियान इसी दिशा में आगे बढ़ रहा है। अब शासन स्तर से शहरवासियों की लंबे समय से चली आ रही यह मांग पूरी होनी चाहिए।
कविता वर्मा, नपाध्यक्ष नरसिंहगढ़
-नगर को पर्यटन बनाने सामूहिक प्रयासों की कड़ी में पत्रिका का यह अभियान अतुलनीय है। क्योंकि हमारे शहर की वास्तविक पहचान यहां की सौंदर्यता और ऐतिहासिक विरासतों से ही झलकती है। वर्तमान में इन्हीं को सहेजने, संवारने की आवश्यकता है। सभी के प्रयासों से हमें इसमें सफलता भी प्राप्त होगी।
-गौरव सोनी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य युवा मोर्चा नरसिंहगढ़
-नगर पालिका स्तर से भी पर्यटन प्रस्ताव तैयार करने के साथ ही जो भी प्रयास होंगे वह हम करेंगे। हमारी भी शासन से यही मांग है कि शहर को जल्द से जल्द पर्यटन का दर्जा दिया जाएं। ताकि यहां व्यवस्थित ढंग से काम हो सके। पत्रिका अभियान को हमारा पूर्ण समर्थन है।
-कमल चौरसिया, भाजपा पार्षद वार्ड 14 नरसिंहगढ़
जिस भी शहर की संरचना या प्रसिद्धि जिस वजह से होती है, उसी दिशा में वह आगे बढ़ता है। हमारा शहर मालवा के मिनी कश्मीर के नाम से प्रसिद्ध है और यहां के पर्यटन स्थल हमारी पहचान हैं तो क्यों न इनके ही संरक्षण के लिए आगे बढ़ा जाए। पत्रिका का यह अभियान इसी विचार को सार्थक करने की दिशा में चल रहा है।
– रिंकू जाट सचिव, कर्मश्री सेवा समिति नरसिंहगढ़
बड़ा महादेव, छोटा महादेव, गणेश चौक विशेष कॉरिडोर की घोषणा की जाए। सुविधाओं को बढ़ाने के लिए विशेष पैकेज स्वीकृ त होने चाहिए। जिससे हमारी इन विरासतों का संरक्षण हो सके। साथ ही यहां आने वाले पर्यटकों के लिए भी सुविधा बढ़ाई जाए। पत्रिका ने जो अभियान हाथ में लिया है। उसमें सभी नगरवासी साथ है।
– जेपी अग्रवाल, अधिवक्ता नरसिंहगढ़
शहर के प्राचीन मंदिर और यहां की ऐतिहासिक विरासतों के संरक्षण के लिए हम काम कर रहे है। लेकिन इसमें शासन का सहयोग जरूरी है। इसलिए बिना किसी देरी के शहर को पर्यटन बनाए जाने शासन स्तर से कार्रवाई शुरू की जाना चाहिए। पत्रिका का यह अभियान सराहनीय है। यह अभियान जारी रहना चाहिए।
– प्रवीण ग्रोवर, अध्यक्ष महादेव सेना
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.