दमोह

गर्मी के साथ उमस बढ़ी, सड़क पर दिखाई दे रहा असर

बादलों ने घटाया दिन का पारा, रात के तापमान में बढ़ोत्तरी

दमोहMay 19, 2019 / 12:11 am

Sanket Shrivastava

Clouds decreased mercury, rise in night temperature

दमोह. गर्मी ने इन दिनों लोगों को हलाकान कर रखा है। शनिवार को बादल छाए रहने से धूप से भले ही लोगों को कुछ समय राहत मिली, लेकिन तपन और उमस ने जीना मुहाल कर रखा है। गर्मी साथ साथ उमस के बढ़ते ही न्यूनतम पारा में भी उछाल हुआ है।
हालांकि, शनिवार को अधिकतम पारा ४० पर आ गया है। जो आगामी दिनों बढऩे की संभावना मौसम विभाग जता रहा है।
गर्मी से निजात पाने के लिए लोग प्रतिदिन नए नए तरीके अपना रहे हैं और मौसम का मिजाज है भी बदलता ही नजर नहीं आ रहा है। जिले में भीषण गर्मी से परेशान लोग अब दिन में बाजार जाने से कतराने लगे हैं। दिनों- दिन बढती गर्मी लोगों को हलाकान कर रही है। लोग गर्मी से बचने के लिए घरों में रुकना ही मुनासिब समझ रहे है। हालांकि, अब कूलर भी फेल होते नजर आ रहे है। नौतपा के पहले की तपन लोगों को बर्दाश्त नहीं हो रही है।
इस पूरे सप्ताह पारे में उतार-चढ़ाव देखने मिला है। सोमवार से शनिवार तक के मौसम पर नजर डालें तो अधिकतम पारा में उतार-चढ़ाव देखने मिला, जबकि न्यूनतम पारा सप्ताह में सबसे अधिक शनिवार को ही दर्ज किया गया। जिससे तय है कि गर्मी के साथ अब उमस भी बढ़ रही है, जिससे सबसे अधिक गर्मी महसूस की गई। गर्मी से बचाव करने के लिए दुकानदारों ने भी अपने दुकानों में कूलर व एसी का उपयोग तो किया, लेकिन गर्मी के आगे वह भी नाकाफी साबित हुए।
अधिक गर्मी के चलते बाजार में भी सन्नाटा ही नजर आ रहा है। सीजन होने के बाद भी दिन में कम ही दुकानों पर ग्राहक नजर आए। शनिवार को बाजार के सबसे व्यस्ततम मार्ग भी सुनसान नजर आए।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.