script

दमोह नपा के लेखापाल ने कर्मचारियों की कटौत्रा राशि में लगाई सेंध, शासन के खाते में नहीं पहुंचाई लाखों की राशि

locationदमोहPublished: Jun 26, 2019 06:41:15 pm

Submitted by:

pushpendra tiwari

कटौत्रा की राशि से किया ठेकेदारों का भुगतान

दमोह. नगरपालिका के लेखापाल अनिल गुप्ता द्वारा सैकड़ों कर्मचारियों की कटौत्रा राशि में जमकर सेंधमारी करना उजागर हुई है। शासन द्वारा बार-बार भेजे गए रिमांडर के बाद भी लेखापाल द्वारा कर्मचारियों की कटौत्रा राशि को शासन के खाते में जमा नहीं किया गया है। मामले में मिली जानकारी के अनुसार कर्मचारियों की भविष्य निधि, परिभाषित अंशदान, ईपीएफ व अन्य कटौत्रा की राशि पिछले छह माह से जमा नहीं हो रही है। जबकि यह राशि प्रत्येक माह कर्मचारियों के वेतन से कांट ली जाती है।
कटौत्रा की इस राशि में हुआ खेल
जानकारी के मुताबिक परिभाषित अंशदान एनपीएस की करीब 24 लाख रुपए की राशि पिछले 06 माह से जमा नहीं हुई है। इसी तरह कर्मचारियों के जीपीएफ की करीब 19 लाख रुपए की राशि 04 माह से जमा नहीं की गई है। सूत्रों के अनुसार कर्मचारियों की राशि से आवास योजना के ठेकेदार का भुगतान नपा पदाधिकारियों द्वारा करा दिया गया है।
शासन के इस नियम को किया दरकिनार
कर्मचारियों के वेतन में होने वाली कटौत्रा की राशि समय सीमा के भीतर शासन के खाते में जमा होनी चाहिए। बताया गया है कि वेतन का १० प्रतिशत व १० प्रतिशत की राशि नपा द्वारा कर्मचारी के नाम पर शासन को भेजी जाती है, जो कर्मचारी द्वारा आपात समय पर निकाली जाती है। प्रमुख तथ्य एक और यह है कि कर्मचारी की कटौत्रा राशि पर ब्याज भी शासन द्वारा कर्मचारी को दिया जाता है। लेकिन इस नियम को दमोह नपा के जिम्मेदारों द्वारा पूरी तरह से दरकिनार कर दिया गया है और अपने ही कर्मचारियों के साथ छलावा किया जा रहा है।
लेखापाल अनिल गुप्ता ने यह दी सफाई
सवाल : कर्मचारियों की कटौत्रा की राशि कितने माह से जमा नहीं हुई है।
जबाव : कुछ राशि जमा की गई है अभी तीन से चार माह की राशि जमा करना है, जो शीघ्र कर दी जाएगी।
सवाल : कर्मचारियों का आरोप है कि जीपीएफ व एनपीएस की राशि से आवास योजना के ठेकेदार का भुगतान किया गया है।
जबाव : दरअसल यह राशि आडिट शुल्क में जमा कर दी गई थी और कुछ अन्य मद में। लेकिन दो चार दिन में कटौत्रा की पूरी राशि जमा कर दी जाएगी।
सवाल : क्या कटौत्रा की राशि का अन्य भुगतान के रुप में उपयोग हो सकता है।
जबाव : नहीं।
वर्जन
कर्मचारियों के साथ इस तरह का छलावा किया गया है जो नियम विरुद्ध है। अतिशीघ्र कर्मचारियों के खातों में कटौत्रा की राशि जमा नहीं होती है तो कर्मचारी संघ द्वारा आंदोलन किया जाएगा।
भागीरथ शर्मा, कर्मचारी संघ अध्यक्ष
मैं इस संबंध अधिकारी कर्मचारी से बात करती हूं। कर्मचारियों की जो भी राशि है उसका भुगतान होगा।
मालती असाटी, नपाध्यक्ष

ट्रेंडिंग वीडियो