भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज हो रहे झूठे मुकदमे
कमलनाथ सरकार के समय में कानून नाम की कोई चीज नहीं बची
दमोह. भारतीय जनता पार्टी जिला दमोह के द्वारा प्रदेश सरकार की वादा खिलाफी पर शनिवार को पैदल मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया।
भाजपा ने कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। जबेरा विधायक धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि भाजपा सरकार ने 15 वर्षों तक सरकार के माध्यम से गरीब, दीनहीन वर्ग की सेवा करने का काम किया है। हमने किसी के साथ ज्यादती नहीं की है, लेकिन कांग्रेस की सरकार बनते ही प्रदेश में गरीबों के लिए शुरू की गई योजनाएं बंद की जा रही हैं। चुन-चुनकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज हो रहे हैं, उनकी हत्याएं हो रही हैं। शुक्रवार को नरसिंहपुर में पार्टी के जिला उपाध्यक्ष को चाकुओं से गोद दिया जाता है और मौके पर पुलिस नहीं पहुंचती। उन्होंने कहा कि कमलनाथ सरकार के समय में कानून नाम की कोई चीज नहीं बची है। कांग्रेस सरकार राजनीतिक विद्वेष के साथ काम कर रही है। दमोह के प्रभारी घासीराम पटेल ने कहा कि चुनाव के पहले कांग्रेस किसानों, युवाओं, महिलाओं और सरकारी कर्मचारियों सहित हर वर्ग के हित की बात कर रही थी, लेकिन सरकार बनते ही कांग्रेस अहंकार में डूब गई है। इस सरकार का यह दुर्भाग्य है कि कल तक जो मिलकर बंटाढार थे,वो आज इस सरकार के कर्णधार हैं। बंटाढार जब कर्णधार बन जाएं, तो बेड़ा पार हो जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान समृद्धि योजना का पैसा देश भर के किसानों के खातों में पहुंच चुका है, लेकिन मध्यप्रदेश के किसान इससे वंचित हैं। प्रदेश सरकार इस योजना लाभांवित होने वाले किसानों की सूची केंद्र सरकार को नहीं पहुंचा रही है। पूर्व विधायक लखन पटेल ने कहा कि कमलनाथ सरकार किसानों से राजनीतिक बदला ले रही है। क्योंकि प्रदेश का किसान हमेशा भारतीय जनता पार्टी के साथ खड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ सरकार को अगर बदला लेना ह,ै तो किसानों की बजाय हमसे बदला ले। इस दौरान पूर्व विधायक लखन पटैल, उमादेवी खटीक, नपा अध्यक्ष मालती असाटी शिवचरण पटेल, गोपाल पटेल, बृज गर्ग, प्रीतम सिंह लोधी, मनीष सोनी, प्रमोद विश्वकर्मा, प्रतिभा तिवारी, मनीष तिवारी, मोंटी रैकवार सहित प्रमुख कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।
अब पाइए अपने शहर ( Damoh News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज