पंचकल्याणक महोत्सव में विद्यार्थियों का होगा सम्मान
पंचकल्याणक महोत्सव के दौरान कक्षा 10वीं व 12 वीं के सत्र 17-18 के प्रतिभावान जैन विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

दमोह. श्री दिगंबर जैन नशिया मंदिर में विराजमान मुनि संघ के चरणों की रज कण पाने जन समुदाय उमडऩे लगा है। रविवारीय प्रवचनों में परम योग सागर पंचकल्याणक व जीवन के कल्याण के महत्व को बताते हुए प्रवचनों में कहा कि पंचकल्याणक महान धर्म का कार्य है। जिस तरह हमारे जीवन के लिए श्वांस की जरूरत होती है, धर्म भी उसी तरह जीवन के लिए आवश्यक है। श्रावक अपनी शक्ति अनुसार राग और भोगों का त्याग कर जीवन को पवित्र बनाकर जिन शासन की धर्म प्रभावना में सहभागिता कर सकता है। वीतराग धर्म का मिलना अत्यंत सौभाग्य का विषय है। धर्म कहीं बाजार में नहीं मिलता धर्म तो आत्मा का स्वरूप है। आत्मा के स्वरूप को जान लेना ही सच्चा ज्ञान है, भगवान आदिनाथ आदि केवली भगवान पूर्ण रूपेण से जैन है। वीतरागी मुनियों में जैनत्व प्रारंभ हो गया है। उनकी जो मनुष्य भक्ति व श्रद्धा करते हैं। वे भी जैन कहलाते हैं।
पंचकल्याणक महोत्सव के दौरान कक्षा 10वीं व 12 वीं के सत्र 17-18 के प्रतिभावान जैन विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। जिन्होंने 85 प्रतिशत या अधिक अंक प्राप्त किए हैं। सम्मान का पात्रता रखने वाले विद्यार्थी अपना नाम जैन मिलन शाखा दमोह तक पहुंचाएंगे। जिसकी अंतिम तिथि 9 जनवरी रखी गई है।
ज्ञानमती माताजी का आगमन 11 जनवरी को: इस अवसर पर जानकारी प्राप्त हुई कि दिगंबर जैन संप्रदाय की प्रख्यात महिला साधु गणिनी आर्यिका शिरोमणि ज्ञानमती माताजी संघ सहित संभवत 11 जनवरी को दमोह पधार रही है। उन्होंने 450 जैन ग्रंथों लिखे हैं, महाराष्ट्र के मांगीतुंगी जैन तीर्थ के पहाड़ पर भगवान ऋषभदेव की विश्व विख्यात ऊंची पाषाण प्रतिमा का निर्माण कराया है। कुंडलपुर के अध्यक्ष संतोष सिंघई सहित संपूर्ण समिति ने उन्हें कुंडलपुर दर्शनार्थ आमंत्रित किया है।
विमल लहरी, राकेश सिंघई, अभय बनगांव ने बताया कि पंचकल्याणक हेतु महापात्र चयन 8 जनवरी को दोपहर 1 बजे से नशिया मंदिर में मुनि संघ के सानिध्य में होगा। उसी दिन मंगलवार को 12 बजे से समस्त उपसमितियों की समीक्षा बैठक होगी।
अब पाइए अपने शहर ( Damoh News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज