दंतेवाड़ा

कचरा टैंक के खिलाफ लोगों में भड़का गुस्सा, नगर पालिका में जमकर किया हंगामा

नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पालिका अध्यक्ष को इस कार्य के लिए जिम्मेदार माना।

दंतेवाड़ाFeb 15, 2019 / 04:58 pm

चंदू निर्मलकर

कचरा टैंक के खिलाफ लोगों में भड़का गुस्सा, नगर पालिका में जमकर किया हंगामा

बचेली. नगर के बीचोबीच वार्ड क्रमांक 4 के रिहायशी एरिया में पालिका द्वारा बनाए गए गार्बेज क्लीनिक व फेकल स्लज टैंक हटाने के विरोध में गुरुवार अपरान्ह आर ई एस कालोनी के रहवासियों ने पार्षद फिरोज़ नवाब की अगुवाई में नगर पालिका में धावा बोल नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पालिका अध्यक्ष को इस कार्य के लिए जिम्मेदार माना।
इसके बाद पार्षद और वार्डवासियों ने प्रशासन तथा सीएमओ पीआर कोर्राम के विरोध में जमकर नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन कर दिया। जिसके चलते नगरपालिका में हड़कंप मच गया। वार्डवासियों का लगातार नारेबाजी और विरोध काफी देर तक चलता रहा। मामला बचेली वार्ड क्रमांक 4 का है। वार्ड वासी नारायणी सागर, मिना सागर, रामबती, ललिता बघेल, रीना वासम, पांडे बाई, गीता मरकाम, पायके कर्मा आदि महिलाओं ने बताया कि यहां पास में ही गार्बेज क्लिनिक तथा मानव मल मूत्र संग्रहण स्थान बनाया गया है। जिसके कारण वार्डवासियों को मख्खियों, मछरों से निजात नही मिल रहा। बच्चे बार-बार बीमार पड़ते रहते हैं। बदबू आने के कारण खाया हुआ भी उल्टी हो जाती है।
बार-बार शिकायत करने पर भी कोई सुनवाई नही हो रही है। जिसके कारण प्रदूषित एरिया में रहने के लिए मजबूरी बन गई है। हमारी मांग है की जल्द ही गार्बेज प्लांट व टंकी को हटाया जाए। क्योंकि जिस जगह में कचरा संग्रहण केंद्र बनाया गया है वहीं उसके बाजू में पूरे बचेली के लिए पानी भी लिया जाता है। क्योकि बाजू में ही वाटर पम्प लगाया गया है जो कि स्वास्थ्य की दृष्टि से बचेली की जनता के साथ धोखा है। वार्डवासियों ने एक हफ्ते के अंदर उक्त कचरा सेंटर को बन्द नही करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी और कहा की इसके लिए पालिका अध्यक्ष को जिम्मेदारी माना जायेगा।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.