इंदरगढ़ में बस स्टैंड पर चंद्रप्रकाश पुत्र रामसेवक सोनी (65) की सोने-चांदी के आभूषणों की दुकान है। चंद्रप्रकाश सेंवढ़ा रोड पर सुरेश सेन वाली गली में रहते हैं। सोमवार की शाम वह दुकान बढ़ा कर अपने नौकर भीकम के साथ घर जा रहे थे। वह जैसे ही अपने घर के बाहर पहुंचे मोटर साइकिल पर तीन अज्ञात बदमाशों ने उन पर कट्टा अड़ा दिया। यह घटना शाम करीब 7.30 बजे की है। कट्टा अड़ाने के साथ बदमाशों ने फायर भी किया। बदमाशों पर फायर किए गए जाने से छर्रे लगने के कारण चंद्रप्रकाश घायल हो गए। इसी दौरान बदमाश मौका पाकर चंद्रप्रकाश से दो थैले छीन ले गए। घायल चंद्रप्रकाश को तत्काल इंदरगढ़ अस्पताल लाया गया जहां से उन्हें ग्वालियर रैफर कर दिया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी परमानंद शर्मा भी स्टाफ के साथ मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी ली। शर्मा ने बताया कि चंद्रप्रकाश के हाथ में छर्रे लगे हैं। बदमाश कितना सामान या नगदी ले गए यह अभी पता नहीं चला है। बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। कंट्रोल रूम को भी इस बारे में सूचित कर दिया गया है।
सहायक सचिव हैं चंद्रप्रकाश अज्ञात बदमाशों द्वारा लूट का शिकार हुए सराफा कारोबारी चंद्रप्रकाश सोनी सहायक सचिव भी हैं। चंद्रप्रकाश वर्तमान में सेवा सहकारी समिति ईगुई में सहायक सचिव हैं। सोने-चांदी के आभूषणों की दुकान उनका बेटा देखता है। शाम को वह दुकान पर बैठने के बाद नौकर के साथ मोटर साइकिल से घर चले गए थे। इसी दौरान बदमाश उन्हें गोली मार कर दो बैग छीन ले गए।