कलश यात्रा से भागवत कथा शुरू
कई जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया

भजनों पर किया जमकर नृत्य
नोरंगवाड़ा (बांदीकुई). ग्राम पंचायत बैजूपाड़ा के नोरंगवाड़ा गांव में बुधवार को कलश यात्रा के साथ भागवत कथा शुरू हुई। सुबह ध्वज व कलश पूजन किया गया। कलश यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरी। कई जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
महिलाएं सिर पर मंगल कलश रखकर भजन गाते हुए एवं पुरुष श्रद्धालु हाथों में ध्वज लेकर जयघोष लगाते चल रहे थे। भक्ति संगीत की धुनों से समूचा वातावरण भक्तिमय हो गया। पं. मनमोहन शास्त्री ने कहा कि धर्म की जड़ सदा हरी होती है। रामजीलाल प्रजापत, बच्चूलाल, कैलाश मीणा, रामसिंह एवं प्रभु प्रजापत भी मौजूद थे। इसी प्रकार ग्राम मोटूका में भी कलश यात्रा के साथ भागवत कथा शुरू हुई। जो गांव के प्रमुख मार्गों से होकर भ्रमण करते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंची। इस दौरान भारतीय जनशक्ति पार्टी जिला उपाध्यक्ष डॉ. धर्मसिंह सैनी, गिर्राजप्रसाद मास्टर, मनोजकुमार, गजानन एवं महेन्द्रसिंह भी मौजूद थे।
लवाण. कस्बे में झूथरेल बालाजी मंदिर में बुधवार को श्रीमद्भागवत कथा की शुरुआत हुई। इससे पहले पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ ध्वज पूजन कर कलश यात्रा को रवाना किया। जो कस्बे के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा में शामिल महिलाएं सिर पर कलश रखकर भजन गाती आगे बढ़ रही थी। डीजे की धुन पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने शीतल पेयजल पिलाया। वृन्दावन से आए कथावाचक राधाकृष्णन ने कथा श्रवण का महत्व बताया।
महुवा. पाली गांव में बुधवार को संगीतमय भागवत कथा का आगाज कलश व शोभायात्रा के साथ हुआ। आचार्य सत्यप्रकाश शास्त्री व अन्तरराष्ट्रीय ब्राह्मण महासंस्था के जिला अध्यक्ष दिनेश पाराशर ने ध्वजपूजन किया। कलश यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से निकली। ग्रामीणों द्वारा स्वागत किया गया। इस दौरान संयोजक छविराम शर्मा, रामकिशोर शर्मा, कैलाश शर्मा, रामस्वरूप शर्मा, रामस्वरूप सैनी, दीनदयाल शर्मा, धूजीराम शर्मा, सत्यप्रकाश शर्मा, राकेश अवस्थी, विजय शर्मा आदि थे।
अब पाइए अपने शहर ( Dausa News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज