छाया गणतंत्र दिवस का उल्लास, शहर-गांव लहराया तिरंगा
गणतंत्र दिवस पर दौसा जिले में उल्लास व देशप्रेम का माहौल बन गया।

दौसा. गणतंत्र दिवस पर जिलेभर में उल्लास व देशप्रेम का माहौल बन गया। शहर से लेकर गांव-ढाणियों तक तिरंगा लहराया गया। हर तरफ देशभक्ति गीत गूंज रहे हैं। जिला मुख्यालय पर राजेश पायलट स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय गणतन्त्र दिवस समारोह में जिला कलक्टर नरेश कुमार शर्मा ने ध्वजारोहण किया।
अतिरिक्त जिला कलक्टर राजवीर सिंह चौधरी ने बताया कि मुख्य अतिथि ने सुबह 9.05 बजे ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। समारोह में सुबह 9.40 बजे अतिरिक्त जिला कलक्टर राजवीर सिह चौधरी ने महामहिम राज्यपाल के संदेश का पठन किया। 9.50 बजे से उल्लेखनीय कार्य करने वालों को प्रशस्ति पत्र वितरण कर सम्मानित करना शुरू किया गया।
इसी प्रकार सुबह 10.20 बजे विभिन्न विद्यालयों के छात्र -छात्राओं द्वारा सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन ,10.35 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम का प्रदर्शन व 11 बजे झांकियों का प्रदर्शन किया गया। इसके पश्चात प्रात: 11.15 बजे राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
लालसोट. गणतंत्र दिवस का उपखण्ड स्तरीय समारोह शुक्रवार सुबह सवा नौ बजे अशोक शर्मा राउमावि मैदान में शुरू हुआ। उपखण्ड अधिकारी ने ध्वजारोहण कर परेड निरीक्षण व मार्चपास्ट की सलामी ली। समारोह में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम व सामूहिक व्यायाम का प्रदर्शन करने के साथ प्रशस्ति प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। प्रभातफेरी निकाली गई। नगरपालिका का मुख्य समारोह आजाद चौक में हुआ।
इसी प्रकार रामगढ़ पचवारा उपखण्ड मुख्यालय पर सुबह आठ बजे एसडीओ डॉ. जीएल. शर्मा ने ध्वाजारोहण किया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कार्मिकों व अन्य जनों को सम्मानित भी किया गया। (नि.प्र.)
नांगल राजावतान. उपखण्ड मुख्यालय के राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को उपखण्ड स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में सुबह नौ बजे उपखण्ड अधिकारी डॉ. गोवर्धनलाल शर्मा ने ध्वजारोहण किया।
लावारिस वस्तुओं को न छूएं- एसपी
दौसा. गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर सुरक्षा के लिए पुलिस भी कड़ी चौकसी रख रही है। पुलिस अधीक्षक योगेश यादव ने बताया कि किसी भी अनजान वस्तु, लावारिश सामान व खिलौने आदि को न छूएं। होटल, धर्मशाला अथवा बस स्टैण्ड, रेलवे स्टैण्ड आदि पर कोईभी संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो उसकी जानकारी तुरंत निकट के पुलिस थाने एवं पुलिस कंट्रोल रूम नम्बर 0127- 230330 या 100 नम्बर
पर दें।
अब पाइए अपने शहर ( Dausa News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज