दौसा

जयपुर सम्भाग में मुख्यमंत्री की गौरव यात्रा आज से, पपलाज माता के दर्शन से शुरुआत

https://www.patrika.com/rajasthan-news/

दौसाSep 20, 2018 / 08:38 am

gaurav khandelwal

दौसा. मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की जयपुर संभाग की राजस्थान गौरव यात्रा गुरुवार से शुरू होगी। जयपुर संभाग की गौरव यात्रा का शुभारंभ दौसा के पपलाज माता मंदिर से होगा। मुख्यमंत्री राजे सुबह 10 बजे पपलाज माता मंदिर पहुंचेगी और यहां दर्शन करेंगी। इसके बाद हेलीकॉप्टर से नांगल राजावतान में जाकर मीन भगवान मंदिर के दर्शन करेंगी। वहां पर जनता के द्वारा मुख्यमंत्री राजे का स्वागत किया जाएगा
 

इसके बाद दौसा जिला मुख्यालय पर रामकरण जोशी स्कूल में हेलीपेड बनाया है। दोपहर करीब 12 बजे हेलीकॉप्टर से उतरकर वे कार से बजरंग मैदान में सभास्थल पर जाएंगी। बजरंग मैदान में आमसभा को सम्बोधित कर वे हेलीकॉप्टर से बांदीकुई के लिए रवाना हो जाएगी। बांदीकुई में वे आमसभा करेंगी। फिर वहां से अलवर के राजगढ़ के लिए रवाना हो जाएगी।
 


राजस्थान गौरव यात्रा को देखते हुए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। दौसा के बजरंग मैदान में सभास्थल बनाया गया हैं। इसके लिए मंच आदि सज गए हैं और अब दौसा की जनता को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का इंतजार है। वहीं दौसा विधायक शंकर शर्मा देर रात तक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से दौसा की जनता को काफी अपेक्षाएं हैं। ऐसे में दौसा की सबसे बड़ी समस्या पेयजल को लेकर बड़ी घोषणा की भी उम्मीद है।
 

 

जिला मुख्यालय के बजरंग मैदान में मुख्यमंत्री की आमसभा के लिए मंच एवं पाण्डाल तैयार कर लिया है। पाण्डाल का निरीक्षण करने के लिए पयर्टन मंत्री कृष्णदीप कौर, दौसा विधायक शंकर लाल शर्मा, डीजीपी वीके सिंह, जिला कलक्टर नरेश कुमार शर्मा, डीआईजी(सीएम सुरक्षा) दीपक कुमार, पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट व कोतवाली थाना प्रभारी नरेश कुमार शर्मा एवं अन्य अधिकारी व जन प्रतिनिधियों ने जायजा लिया। खास बात यह रही कि जिले में जहां दौरा प्रस्तावित है, वहां की खामियों पर पर्दा डालने में प्रशासन ने कोई कसर नहीं छोड़ी।
 


प्रभारी मंत्री के निर्देश पर विधायक शंकरलाल शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा सहित पार्टी के भी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने गांवों में दौरा कर लोगों से अधिक से अधिक संख्या में दौसा में आमसभा में पहुंचने का आह्वान किया है।

Home / Dausa / जयपुर सम्भाग में मुख्यमंत्री की गौरव यात्रा आज से, पपलाज माता के दर्शन से शुरुआत

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.