दौसा

कोरोना अलर्ट. पैदल यात्रियों की रेलमपेल, मदद में जुटे लोग

घरों की ओर लौटने का क्रम जारी

दौसाMar 28, 2020 / 09:07 am

Rajendra Jain

लालसोट से गुजरते पैदल यात्री।

लालसोट. लॉकडाउन के चलते प्रदेश की राजधानी में मजदूरी करने वाले मजदूरों का शुक्रवार को भी अपने घरों की ओर लौटने का क्रम जारी रहा। शुक्रवार को भी पैदल यात्रियों के काफिले गुजरते रहे। वही इन पैदल यात्रियों के लिए खाने पीने के प्रबंध के लिए विभिन्न संस्थाओं व ग्रामीणों द्वारा जगह जगह व्यवस्थाएं की जा रही है।
मंडावरी कस्बे में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव कमल मीना की अगुवाई में ग्रामीणों द्वारा इन यात्रियों के लिए भोजन के पैकेट तैयार करते हुए वितरण किया जा रहा है। इसी तरह अनुराग सेवा संस्थान द्वारा भी कोरोना की त्रासदी से प्रभावित होकर अपने परिवार , छोटे – छोटे बालकों के साथ पैदल चलकर कर गुजर रहे मजदूर वर्ग के लोगों के लिए तथा नगर के जरुरतमंदों को नि:शुल्क भोजन के पैकेट उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
इस दौरान संस्थान सचिव श्याम सुंदर शर्मा , मंगेश लामडा , राजेन्द्र डोब, सुनील पंचोली , संजय उपाध्याय, राकेश सेडूलाई , सुरेश सेडूलाई, संजीव जोशी , रघुनंदन मिश्रा , कपिल उपाध्याय, अशोक जमात सहित कई संस्थान सदस्यों ने व्यवस्थाओं को अंजाम दिया।
इसके अलावा राजौली गांव में ग्राम विकास अधिकारी मोहनसिंह राजपूत व शिक्षक बद्रीलाल सैनी की अगुवाई में जरुरतमंदों को रसद सामग्री का वितरण किया गया। इसके अलावा भारत विकास परिषद के पदाधिकारी डॉ. सुभाष पहाडिय़ा, सीपी कुशवाह, जटाशंकर शर्मा समेत कई जनों ने भी जरुरतमंदों के घर-घर जा कर रसद सामग्री का वितरण किया। इसी तरह लायंस क्लब के पदाधिकारी भी शहर के विभिन्न इलाकों में लोगों को भोजन के पैकेट का वितरण कर रहे है।

पुलिस की सख्ती का असर, सूने आने लगे रोड़
लालसोट.लॉकडाउन के दौरान क्षेत्र में अब पुलिस प्रशासन की सख्ती का असर दिखाई देने लगा है। लालसोट शहर की सभी सडक़ों केे साथ रामगढ पचवारा, डिडवाना, मंडावरी समेत सभी बड़े कस्बों में लगातार पुलिस की गश्त जारी है और इस दौरान वाहनों को बिना कोई कारण घूमने वालों को रोक कर उसके साथा सख्ती से पेश आया जा रहा है। इस सख्ती का असर अब बाजारों में भी दिखने लगा है और बाजारों में भी जरुरत के वक्त ही लोग घरों से बाहर निकल रहे है।

Hindi News / Dausa / कोरोना अलर्ट. पैदल यात्रियों की रेलमपेल, मदद में जुटे लोग

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.