दौसा

शिक्षकों की समस्याओं को लेकर सरकार गंभीर-परसादी

शिक्षक संघ राष्ट्रीय का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित

दौसाFeb 17, 2020 / 07:51 am

Rajendra Jain

लालसोट में शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) के शपथ ग्रहण व स्नेह मिलन समारोह को संबोधित करते उद्योग मंत्री परसादीलाल मीना।

लालसोट. राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) के तत्वावधान में रविवार को जिला व लालसोट शाखा कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण व स्नेह मिलन समारोह हुआ।
मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री परसादीलाल मीना ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र का निर्माता है। हमारी संस्कृति में गुरु को भगवान से भी बढकऱ बताया है। ऐसे में समाज में शिक्षकों का मान सम्मान बने रहना काफी जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की सभी समस्याओं के लिए सरकार गंभीर है। आनलाइन हाजिरी योजना शिकायतों के चलते लागू की गई है।क्षेत्र के जिन विद्यालयों में बिजली उपलब्ध नहीं है, वहां शीघ्र ही विद्युत कनेक्शन कराए जाएंगे।
पूर्व पालिका अध्यक्ष दिनेश मिश्र ने सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति आनलाइन योजना किए जाने पर कहा कि पहले इसे सभी जिलाधीश कार्यालयों में लागू किया जाए। जहां अधिकांश कर्मचारी देरी से ड्यूटी पर आते हैं। संघ के प्रदेश संरक्षक राजनारायण शर्मा ने कहा कि शिक्षकों को शिक्षण के अलावा कई अन्य कार्यों के बोझ से दबाया जा रहा है। जो कि अनुचित है।
संघ के जिलाध्यक्ष परीक्षित शर्मा ने न्यू पेंशन स्कीम को बंद कर पुरानी पेंशन स्कीम को लागू करने, केंद्र के अनुसार तत्काल डीए की घोषणा करने, ऑनलाइन शिक्षक हाजिरी योजना को निरस्त करने आदि की मांग की। प्रदेशाध्यक्ष संपतसिंह एवं जिला मंत्री राजकुमार शर्मा समेत कई जनों ने संबोधित किया।
पालिका अध्यक्ष जगदीश सैनी, प्रदेश न्यायाधिकरण के सदस्य दिनेशचंद शर्मा, जयपुर मंडल उपाध्यक्ष हरीश शर्मा, विभाग संगठन मंत्री कालूराम मीना, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य गोविंदसहाय शर्मा, सीकर संगठन मंत्री यशवंत, उपशाखा अध्यक्ष किशोर कुमार सैनी, मंत्री प्रभुलाल मीना बदराम मीना,कैलाशचंद शर्मा, देवेन्द्र मिश्रा, अंजना त्यागी, मदन पारीक, लटूर योगी, अनुराग शर्मा, श्रीकांत शर्मा आदि मौजूद थे।
संचालन हनुमानप्रसाद शर्मा ने किया। राजस्थान संस्कृत शिक्षा विभागीय शिक्षंक संघ के जिला अध्यक्ष भूरामल मीना की अगुवाई में शिक्षकोंं ने उच्च न्यायालय के आदेशों की पालना के नाम पर संस्कृत विभाग में हो रहे मनमर्जी से तबादलों को रुकवाने की मांग की। अतिथियों ने पदाधिकारियों व सदस्यों को शपथ दिलाई
नौ ग्राम पंचायतों में फिर से होगा मतदाता सूचियों का प्रकाशन

लालसोट . पंचायतीराज चुनाव के चौथे चरण से पहले एक बार फिर मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन का कार्यक्रम जारी किया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान की ओर से जारी इस कार्यक्रम में राज्य सरकार द्वारा परिसीमन के लिए जारी अधिसूचना 1 नवंबर 2019 से प्रभावित पंचायत समितियां व ग्राम पंचायत में शामिल होंगी। ऐसे में लालसोट पंचायत समिति क्षेत्र की बगड़ी, चांदसेन चौण्डियावास, डिगो, कांकरिया, खटूंबर, गोल, लाखनपुर, लाडपुरा ग्राम पंचायतों में मतदाता सूचियोंं के प्रारूप का प्रकाशन होगा। लालसोट पंचायत समिति क्षेत्र में सात ग्राम पंचायतें ही परिसीमन से प्रभावित हुई है, लेकिन बगड़ी व कांकरिया ग्राम पंचायतों में भी कुछ अन्य कारणों के चलते इस सूची में शामिल किया
गया है।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 26 फरवरी को निर्वाचक नामावलीओंं का प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा। इसी दिन मतदाता केंद्र पर मतदाता सूचियों का पठन होगा। 1 मार्च को विशेष अभियान चलाकर मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे। फिर 6 मार्च को मतदाता सूची पर दावे व आक्षेप प्रस्तुत किए जा सकेंगे।इसके बाद 13 मार्च तक प्राप्त दावे और आक्षपों का इसी दिन निस्तारण किया जाना जाएगा। 20 मार्च को पूरक सूचियां तैयार की जाकर 23 मार्च को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं सचिव श्याम सिंह राजपुरोहित ने इस संबंध में सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए हैं। पंचायती राज चुनाव के लिए मतदाताओं के नाम जोडऩे, हटाने और संशोधन के लिए 1 मार्च को विशेष अभियान चलाया जाएगा। (नि.प्र)

विजेताओं को बांटे पुरस्कार: लालसोट शहर के श्याम नगर स्थित अनुश्री पब्लिक स्कूल में अंतरराष्ट्रीय चाइल्ड हुड कैंसर डे मनाया गया। विद्यार्थियों को जीवन में कैंसर के लक्षणों की जानकारी दी गई और धूम्रपान को कैंसर का प्रमुख कारण बताया। इस मौके पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। अंत में संस्था के निदेशक प्रदीप कुमार शर्मा ने विजेताओंं को पुरस्कार दिए। (नि.प्र)

Home / Dausa / शिक्षकों की समस्याओं को लेकर सरकार गंभीर-परसादी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.