दौसा. राजस्थान कर्मचारी चयन आयोग के तत्वावधान में आयोजित पटवार भर्ती परीक्षा 2021 में जिले में 72.59 फीसदी परीक्षार्थी शामिल हुए। 27.49 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इधर रविवार को दूसरे दिन भी पटवारी भर्ती परीक्षा में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी दिनभर दौरा करते रहे।
अतिरिक्त जिला कलक्टर आरके मीना ने बताया कि पटवार भर्ती परीक्षा में दो दिनों में 43 हजार 680 परीक्षार्थियों के लिए बैठक व्यवस्था की गई थी, जिनमें से 31767 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। दोनों दिनों में कुल परीक्षार्थियों में से 11913 परीक्षार्थी परीक्षा में शमिल नहीं हुए। इधर जिला मुख्यालय पर परीक्षार्थियों के कारण दिनभर भीड़-भाड रही। बसों एवं निजी वाहन ठसाठस भरकर गुजरे। शहर में परीक्षा समाप्त होने के बाद सड़कों पर वाहनों की रेलमपेल रही। शाम को रोडवेज बस स्टैण्ड पर सैकड़ों अभ्यर्थी जमा हेा गए। करीब दो घंटे में जाकर टै्रफिक निकल सका। अधिकतर परीक्षार्थी जयपुर जिले से आने के कारण निजी वाहन भी बड़ी संख्या में नजर आए। यातायात एवं कोतवाली थाना पुलिस ने व्यवस्था संभाली। परीक्षा को सफल बनाने के लिए जिला कलक्टर पीयुष समारिया, पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनिवाल, एएसपी लालचन्द कयाल, एसडीएम संजय गौरा, सीओ डॉ. दीपक शर्मा, कोतवाली थाना प्रभारी लालसिंह यादव सहित अधिकारियों ने परीक्षा केन्द्रों का दौरा किया।