नाहरखोहरा में लगी आग, मचा हड़कंप
मेहंदीपुर बालाजी. समीप के गांव नाहर खोहरा गांव की पहाड़ी पर मंगलवार को अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। इससे लोगों में हड़कंप मच गया। अचानक पहाड़ी क्षेत्र में लगी आग की लपटें दूर-दूर तक फैल गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी और आग बुझाने के प्रयास में जुट गए, लेकिन आग पर काबू पाया नहीं जा सका।
बाद में पुलिस व महुवा नगर पालिका की दमकल ने ग्रामीणों की मदद से घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत यह रही कि ग्रामीणों व पुलिस के सामूहिक प्रयासों से समय रहते आग पर काबू कर लिया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। मेहंदीपुर बालाजी थानाधिकारी सुरेंद्र शर्मा, वन विभाग के अधिकारी, महुवा पालिका कर्मचारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।