scriptटिकट पार्षद का, ख्वाब पालिकाध्यक्ष का | Ticket councilor's, dream municipality's | Patrika News

टिकट पार्षद का, ख्वाब पालिकाध्यक्ष का

locationदौसाPublished: Nov 29, 2020 03:53:52 pm

Submitted by:

Rajendra Jain

पालिका चुनाव.. दोनों ही दलों के नेताओं ने इस बार महिलाओं को चुनावी मैदान में उतारा

टिकट पार्षद का, ख्वाब पालिकाध्यक्ष का

टिकट पार्षद का, ख्वाब पालिकाध्यक्ष का

लालसोट (दौसा). नगर पालिका चुनावों में कांग्रेस व भाजपा में स्थानीय स्तर के बड़े नेताओं ने इस बार अपने परिवार की महिला को चुनावी मैदान में उतारना अधिक मुनासिब समझा है। गौरतलब है कि इस बार लालसोट नगर पालिका अध्यक्ष का पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है। इसके चलते दोनों ही दलों के स्थानीय नेताओं ने पालिका चैयरमैन की कुर्सी के ख्वाब संजोना शुरू कर दिया है। चुनाव जीतने के बाद चैयरमैन की दौड़ में बने रहने के लिए कई नेताओं ने स्वयं को बैकफुट पर ही रखा है और किसी नेता ने अपनी धर्मपत्नी को तो किसी नेता अपनी पुत्र वधू या अन्य महिला परिजन को चुनावी मैदान में उतारा है।
कांग्रेस की ओर से वार्ड 10 से पूर्व पालिकाध्यक्ष दिनेश मिश्र की पत्नी एवं निवर्तमान पार्षद रक्षा मिश्रा, वार्ड 1 से पूर्व पार्षद ओमप्रकाश झालानी की पुत्र वधू अदिति झालानी, वार्ड 7 से निवर्तमान पार्षद दयाराम स्वामी की पत्नी संतोष स्वामी, वार्ड 8 से युवा नेता सोनू बिनोरी की पत्नी पिंकी चतुर्वेदी, वार्ड 14 से पूर्व पार्र्षद अशोक उपाध्याय की पत्नी व पूर्व पालिका उपाध्यक्ष गायत्री उपाध्याय, वार्ड 21 से युवा नेता सीएम सुकारिया की पत्नी सुनीता देवी, वार्ड 23 से पूर्व पार्षद मदन पेंटर की पत्नी सुशीला देवी एवं वार्ड 34 से युवा कांग्रेस के नगर के नगर अध्यक्ष अभिषेक जोशी की बुआ पुष्पा जोशी चुनावी मैदान में उतरी हैं।
इसी तरह भाजपा की ओर से वार्ड 1 से पूर्व पालिका अध्यक्ष प्रेम चौधरी की पुत्रवधू शिल्पी चौधरी, वार्ड 8 से भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष दिनेश जोशी की पत्नी ममता शर्मा, वार्ड 10 से भाजपा नेता शिवशंकर जोशी की पत्नी रजनी शर्मा, वार्ड 15 से भाजपा जिला उपाध्यक्ष रवि हाडा की पत्नी रेखा शर्मा, वार्ड 16 से पूर्व पालिका उपाध्यक्ष महेन्द्र जैन की पत्नी धनेश देवी जैन, वार्ड 20 से भाजपा ने पूर्व नगर अध्यक्ष श्याम जांगिड़ की पत्नी बीना जांगिड़, वार्ड 23 से युवा नेता संजय कोरोका की पत्नी नुपुर शर्मा, वार्ड 28 से भाजपा नेता अनिल बैनाड़ा की पत्नी मीना जैन, वार्ड 31 से पूर्व पार्षद हरिओम शर्मा की पत्नी नीतू शर्मा, वार्ड 33 से भाजपा नेता नंदकुमार पांखला की पत्नी गीता पांखला, वार्ड 34 से भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष शंभूदयाल पुरोहित एवं वार्ड 35 से पूर्व पालिका उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम जोशी की पत्नी पुष्पा शर्मा चुनावी मैदान में उतरी हैं।


चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन तो होगी सख्त कार्रवाई
लालसोट .नगर पालिका चुनाव को ध्यान में रखते हुए सहायक निर्वाचन अधिकारी एसडीएम गोपाल जांगिड़ ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी राजनीतिक दल व उम्मीदवारों की ओर से कहीं पर भी आचार संहिता का उल्लंघन किया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चुनाव में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी दल या उम्मीदवार को ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए, जिससे किसी धर्म, संप्रदाय या जाति के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचे या उनमें विद्वेष व तनाव पैदा हो। किसी के व्यक्तिगत जीवन के ऐसे सभी पहलुओं की आलोचना नहीं की जानी चाहिए जिनका संबंध अन्य दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं के सार्वजनिक क्रियाकलापों से ना हो। दलों या कार्यकर्ताओं के बारे में कोई ऐसी आलोचना नहीं की जानी चाहिए। बिना अनुमति के लाउडस्पीकर का उपयोग नहीं करें।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो