कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी होने पर चिकित्सा मंत्री ने जताई चिंता लालसोट. प्रदेश के चिकित्सा मंत्री परसादीलाल मीणा ने कहा कि कोरोना का नया वैरियंट हम सब के लिए एक चुनौतीपूर्ण है। इससे निपटने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह तैयार है। कोरोना की इस लड़ाई में लोगों को भी सजग रहना होगा। एक जनवरी से बालकों को भी कोरोना की डोज लगेगी।
उन्होंने यह बात रविवार को लालसोट में आयोजित अभिनंदन समारोह में कही। चिकित्सा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में एक बार फिर कोरोना के केस बढऩा चिन्ता की बात है। इस पर सरकार की पूरी निगरानी है। सरकार की मंशा है कि प्रदेश की जनता इस खतरनाक वैरिएंट से सुरक्षित रहें। कोरोना वैक्सीन को अनिवार्य किया जाएगा। चाहे इसके लिए कानून भी बनाया जायेगा। सभी लोग दूसरी डोज जरूर लगाएं।
उन्होंने कहा कि सरकार कोरोना से मृत लोगों के परिवार को पैकेज देने के लिए संकल्पबद्ध हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन परिवारों की सात दिन में सूची तैयार करें। चिकित्सा मंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में लालसोट मॉडल लागू होगा। जिस तरह लालसोट की सभी पीएचसी व सीएचसी पर आमजन को नि:शुल्क जांच व दवा योजनाओं का लाभ मिल रहा है, उसी तरह प्रदेश भर में मजबूत चिकित्सा तंत्र बनाया जाएगा।
इस मौके पर पीसीसी के पूर्व सचिव कमल मीना, प्रधान नाथूलाल मीना, डॉ कौशल्या मीना, चेयरमैन रक्षा मिश्रा, पालिका उपाध्यक्ष सन्तोष स्वामी, पूर्व पालिका चेयरमैन दिनेश मिश्र, उप प्रधान सूरज कटारा, डॉ. मोहनलाल मीणा, सावत्री सैनी, सरपंच संघ अध्यक्ष हेमराज मीणा, सरपंच प्रद्युमन सिंह, नगर अध्यक्ष राजेंद्र पाखला,सुदीप मिश्रा, महेश सोनी, दीपक पटेल ईश्वरलाल मीणा, शंकरलाल जमात, सुरज्ञान डोई समेत कई जनों ने संबोधित किया। मंच संचालन पूर्व पार्षद चंद्रशेखर जांगिड़ ने किया।