परेड ग्राउंड में हुई जनसभा में राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानंमत्री को बड़े अम्बानी जैसे बड़े उद्योगपतियों की चिंता है। इसीलिए उन्होंने अंबानी, अडानी जैसे उद्योगपतियों के हजारों करोड़ रुपये के कर्ज माफ कर दिया। वहीं मदद के नाम पर किसानों के साथ भद्दा मजाक किया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर 1 दिन के अंदर किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा। साथ ही देश में एक न्यूनतम आमदनी तय की जाएगी। न्यूनतम आमदनी से नीचे आने वाले हर व्यक्ति के खाते में सरकार पैसे डालेगी। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि पांच साल में देश की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी के लिए कुछ भी नहीं किया। अलबत्ता रफाल बनाने का काम एचएएल से छीनकर अंबानी को दे दिया जिसने आज तक कोई जहाज नहीं बनाया। प्रधानमंत्री ने राफेल सौदे में सीधे—सीधे अंबानी को 3० हजार करोड़ रुपये का फायदा पहुंचाने का काम किया है जिसके लिए जनता कभी माफ नहीं करेगी। राहुल गांधी गब्बर सिंह टैक्स का जिक्र करते हुए कांग्रेस की सरकार बनाने पर जीएसटी में एक स्लैब रखने की भी बात कही।
जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने उत्तराखंड में डबल इंजन की सरकार को पूरी तरह फेल बताया। समेत अनेक कांग्रेस नेताओं ने विचार व्यक्त किये। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री व गढ़वाल से भाजपा सांसद मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूड़ी के पुत्र मनीष खण्डूड़ी समेत बसपा के कई नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली।