scriptप्रधानमंत्री सहित वरिष्ठों को आपदा राहत और बचाव की जानकारी देंगे सीएम रावत | uttarakhand CM rawat will give info. of disaster management to PM | Patrika News

प्रधानमंत्री सहित वरिष्ठों को आपदा राहत और बचाव की जानकारी देंगे सीएम रावत

locationदेहरादूनPublished: Sep 06, 2018 06:20:46 pm

Submitted by:

Prateek

सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का सिंगापुर जाना पसंद नहीं आया…

UTTARAKHAND CM

UTTARAKHAND CM

(पत्रिका ब्यूरो,देहरादून): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत उत्तराखंड में आपदा से हुए नुकसान की जानकारी देंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को भी आपदा से उत्तराखंड में हुई जान माल की क्षति का विस्तृत व्योरा पेश करेंगे। आपदा की घटना को लेकर ही मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को दिल्ली तलब किया गया है।

 

सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री के सिंगापुर प्रवास के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने फोन पर उनसे बातचीत की थी और उन्हें तत्काल उत्तराखंड लौटने के आदेश दिए थे। हालांकि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री को 7 सितंबर को लौटना था लेकिन शाह के आदेश पर मुख्यमंत्री और अपनी टीम के साथ एक दिन पहले ही उत्तराखंड लौट आए। उत्तराखंड लौटते ही मुख्यमंत्री ने देर रात तक आपदा न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केंद्र की जरूरी बैठक ली और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने यह भी कबूल किया है कि आपदा के दौरान अधिकारियों द्वारा लापरवाही बरती गई है। ऐसे अधिकारियों के खिलाफ सरकार कड़ा एक्शन लेगी।


दरअसल आपदा के दौरान मुख्यमंत्री और उनकी टीम का सिंगापुर दौरा भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व को भी काफी अखर गया है। सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का सिंगापुर जाना पसंद नहीं आया। माना जा रहा है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का मुख्यमंत्री को फोन करना और उन्हें तुरंत वापस आने के लिए कहना, यह सब नाराजगी की ही वजह है। उसके बाद मुख्यमंत्री को दिल्ली बुलाने की घटना को भी भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की नाराजगी से ही जोडक़र देखा जा रहा है।

 

मुख्यमंत्री उत्तराखंड के 13 जनपदों से आपदा के बारे में जानकारी संग्रह कर चुके हैं। सिंगापुर से लौटने के बाद मुख्यमंत्री आपदा पर ही पिछले 24 घंटे से कसरत कर रहे हैं। मुख्यमंत्री सचिवालय फाइलों को दुरुस्त करने में जुटा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री आपदा से हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति के लिए केंद्र से मोटी रकम की मांग भी करेंगे। इसके लिए एक भारी भरकम प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री आपदा की रिपोर्ट के अलावा पिछले सवा साल के अपने शासन की रिपोर्ट भी प्रधानमंत्री मोदी को देंगे। इस रिपोर्ट में अब तक उनकी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का लेखाजोखा शामिल है।

 

सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार की देर शाम या फिर शनिवार की सुबह मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की मुलाकात प्रधानमंत्री से संभव है। इस दौरान ही मुख्यमंत्री केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह,भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और संघ के कुछ चुनिंदा पदाधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री गुरुवार की रात दिल्ली पहुंच जाएंगे। शुक्रवार को वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। उसके बाद दिल्ली में ही शनिवार यानी 8 सितंबर से शुरू हो रही दो दिवसीय भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में भी मुख्यमंत्री शामिल होंगे। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति दिल्ली में हो रही है।


उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री की सिंगापुर यात्रा को लेकर उत्तराखंड की राजनीति काफी गरमाई हुई है। विपक्षी नेताओं के साथ ही सत्ता पक्ष के वरिष्ठ नेता जिसमें विधायक और मंत्री भी शामिल हैं, मुख्यमंत्री के खिलाफ लामबंद हो गए हैं। कुछ विधायकों ने तो प्रधानमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को पत्र भी लिखा है जिसमें इस बात का जिक्र किया है कि उत्तराखंड में भयावह आपदा है। ऐसी विकट स्थिति में मुख्यमंत्री अपनी टीम के साथ सिंगापुर के दौरे पर गए हैं।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो