script

उत्तराखंड मंत्रिमंडल का जल्द होगा विस्तार,मुख्यमंत्री ने पार्टी हाईकमान को सौंपी सूची

locationदेहरादूनPublished: Nov 30, 2018 05:34:15 pm

जिन मंत्रियों के काम काज से भाजपा हाईकमान संतुष्ट नहीं है, उनके विभागों को बदलने के लिए मुख्यमंत्री को आदेश भी दे सकता है…

AMIT SHAH AND CM FILE PHOTO

AMIT SHAH AND CM FILE PHOTO

(पत्रिका ब्यूरो,देहरादून): उत्तराखंड मंत्रिमंडल का जल्द ही विस्तार किए जाने की संभावना है। इसको लेकर शुक्रवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के बीच बातचीत हुई है। शाह ने सबसे पहले अकेले में मुख्यमंत्री से मंत्रिमंडल विस्तार और दायित्व आवंटन की सूची पर विस्तार से चर्चा की है। माना जा रहा है कि शनिवार को उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष अजय भट्ट को भी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने तलब किया है।


गुटबाजी चरम पर फैसला लेना जरूरी

सूत्रों के मुताबिक मंत्रिमंडल विस्तार में किन विधायकों को मंत्री बनाया जाए। इस पर खास तौर पर मुख्यमंत्री और अमित शाह के बीच चर्चा हुई है। क्योंकि भाजपा में गुटबाजी चरम पर है। अलग—अलग गुट के शीर्ष नेता अपने खेमे के विधायकों को त्रिवेंद्र सिंह रावत मंत्रिमंडल में एंट्री कराने के लिए देहरादून से लेकर दिल्ली तक एड़ी—चोटी का पसीना बहा रहे हैं। भाजपा हाईकमान भी चाहता है कि बिना विवाद के ही उत्तराखंड में दो मंत्रियों की एंट्री करा दी जाए। इसको लेकर मुख्यमंत्री की आेर से भी एक सूची बनाई गई है जिसमें 5 विधायकों के नाम शामिल हैं। इन नामों में से ही दो नाम चयन किए जाने हैं। उन्हीं दो नामों को मुख्यमंत्री के मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभवाना है।

 

इन लोगों के नाम पर हो रहा विचार

सूत्रों के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (अवकाश प्राप्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी की सुपुत्री ऋतु खंडूड़ी,मुन्ना सिंह चौहान,बंशीधर भगत,पुष्कर सिंह धामी और राजेश शुक्ला के नामों पर विचार किया जाएगा। इसके अलावा एक मंत्री को ड्राप भी करने के अलावा 5 से 7 मंत्रियों के विभागों में फेरबदल भी किए जाने की संभावना है। जिन मंत्रियों के काम काज से भाजपा हाईकमान संतुष्ट नहीं है। उनके विभागों को बदलने के लिए मुख्यमंत्री को आदेश भी दे सकता है।

 

कभी भी हो सकता है विस्तार

उत्तराखंड सरकार में मुख्यमंत्री सहित कुल 10 मंत्री हैं जिनमें 2 राज्य मंत्री शामिल हैं। शेष मंत्री कैबिनेट रैंक के हैं। जब से उत्तराखंड में भाजपा की सरकार बनी है तब से 2 मंत्रियों के पद रिक्त हैं। विवाद नहीं बढ़े ,इसकी वजह से त्रिवेंद्र सिंह रावत मंत्रिमंडल का विस्तार अब तक नहीं किया जा रहा था लेकिन अब माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अब आम सहमति बन गई है। मंत्रिमंडल विस्तार अब कभी भी हो सकता है।


सरकार पर दायित्व आवंटन का भी दबाव

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने दायित्व आवंटन को लेकर हरी झंडी 15 दिन पहले ही दे दी है। लेकिन दायित्व आवंटन के लिए काफी लंबी सूची संगठन की आेर से सरकार को दी गई है। मुख्यमंत्री चाहते हैं कि प्रथम चरण में केवल 20 से 25 भाजपा कार्यकर्ताआें को दायित्व दिए जाएं। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह से उत्तराखंड की माली हालत की आेर भी इशारा किया है और कहा है कि ज्यादा संख्या में दायित्व बांटना फिलहाल ठीक नहीं रहेगा।

 

‘मंत्री भी बनाए जाएंगे और दायित्व भी बांटे जाएंगे। इस दिशा में कार्य किए जा रहे हैं।’ त्रिवेंद्र सिंह रावत ,मुख्यमंत्री ,उत्तराखंड शासन

ट्रेंडिंग वीडियो