scriptसीएम रावत जल्द करेंगे मंत्रिमंडल विस्तार,दायित्व आवंटन को लेकर खामोशी का आलम | uttarakhand CM will soon expand cabinet | Patrika News

सीएम रावत जल्द करेंगे मंत्रिमंडल विस्तार,दायित्व आवंटन को लेकर खामोशी का आलम

locationदेहरादूनPublished: Jul 31, 2018 06:36:03 pm

Submitted by:

Prateek

उत्तराखंड की भाजपा की सरकार को दायित्व भी बांटने हैं लेकिन दायित्व आवंटन को लेकर मुख्यमंत्री अब भी खामोश हैं…

(पत्रिका ब्यूरो,देहरादून): उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत जल्द ही अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। माना जा रहा है कि भाजपा हाईकमान ने मुख्यमंत्री को उनके मंत्रिमंडल में सवा साल से रिक्त चल रहे दोनों पदों को भरने की इजाजत दे दी है। भाजपा हाईकमान ने मुख्यमंत्री से यह भी कहा है कि कुछ साफ सुथरे छवि वाले विधायकों की सूची भी आगामी एक पखवाड़े के अंदर दिल्ली भेज दें।


विधायकों से मिल रहे सीएम

दरअसल मंत्रिमंडल में शामिल होने वालों की लंबी फेहरिस्त है जिससे भाजपा हाईकमान भी परेशान रहा है। इसलिए भाजपा हाईकमान पिछले सवा साल से यह तय नहीं कर पा रहा है कि किन विधायकों को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी जाए। अब भाजपा हाईकमान द्वारा हरी झंडी दिए जाने के बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने संभावित मंत्रियों की सूची बनाने का काम शुरू कर दिया है। इस क्रम में मुख्यमंत्री ने विधायकों से मिलना भी शुरू कर दिया है।


इस वजह से अब तक रिक्त पद नहीं भर पाए

सूत्रों के मुताबिक करीब 25 विधायकों ने मुख्यामंत्री से मंत्री पद की जिम्मेदारी की मांग की है हालांकि मंत्रिमंडल में दो मंत्री के पद ही रिक्त हैं। ऐसे में दो विधायकों का नाम मंत्री पद के लिए चयन मुख्यमंत्री या फिर हाईकमान के लिए काफी कठिन काम जरूर दिख रहा है। यही वजह है कि पिछले सवा साल से मुख्यमंत्री चाह कर भी अपने मंत्रिमंडल में रिक्त पड़े दो पदों को भरने में कामयाब नहीं हो पाए। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री 8 विधायकों के नाम वाली सूची भाजपा हाईकमान को निर्धारित अवधि के अंदर भेजेंगे। इस दिशा में मुख्यमंत्री ने काम करना भी शुरू कर दिया है। अगस्त के अंतिम सप्ताह तक मुख्यमंत्री के मंत्रिमंडल में दो नए मंत्री शामिल कर लिए जाएंगे।


दायित्व आंवटन को लेकर खामोश सरकार

उत्तराखंड की भाजपा की सरकार को दायित्व भी बांटने हैं लेकिन दायित्व आवंटन को लेकर मुख्यमंत्री अब भी खामोश हैं। दायित्व आवंटन को लेकर भाजपा हाईकमान का रूख भी स्पष्ट नहीं है। जबकि संगठन लगातार मुख्यमंत्री और भाजपा हाईकमान पर दायित्व आवंटन को लेकर दबाव बनाए हुए है। सूत्रों के मुताबिक फिलहाल मुख्यमंत्री दायित्व बांटने के मूड में नजर नहीं आ रहे हैं। असल में भाजपा की आेर से सरकार के पास कुल 3500 भाजपा कार्यकर्ताआें की सूची दायित्व आवंटन के लिए भेजी गई है। जबकि सरकार मात्र 25 से ज्यादा दायित्व बांटना नहीं चाहती है। इधर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष अजय भट्ट का कहना है कि मंत्रिमंडल विस्तार करना तो अच्छी बात है लेकिन सरकार को अब जल्द ही दायित्व भी बांटना चाहिए। ताकि भाजपा कार्यकर्ता नए जोश के साथ काम कर सकें। बिना दायित्व के कार्यकर्ताआें में काफी नाराजगी है।


इस बारे में जानकारी देते हुए सूबे के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि ‘समय पर ही मंत्रिमंडल में रिक्त पड़े दोनों पद भरे जाएंगे। अब समय करीब आ गया है। दायित्व आवंटन को लेकर भी सरकार काफी गंभीर है। सभी विधायकों को धैर्य के साथ काम करना चाहिए। भविष्य में जो भी होगा बढिय़ा ही होगा। चिंता जैसी कोई बात नहीं है।’

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो