कोरबा

जिले में कांग्रेस ने 3-1 से जीता फायनल कोरबा से जयसिंह, कटघोरा से पुरुषोत्तम, पाली से मोहित

कटघोरा में संसदीय सचिव अपनी सीट बचा नहीं पाएं

कोरबाDec 12, 2018 / 11:38 am

Shiv Singh

कटघोरा में संसदीय सचिव अपनी सीट बचा नहीं पाएं

कोरबा. जिले में कांग्रेस ने फिर से 3-1 से मैच जीत लिया। कोरबा में जयसिंह ने हैट्रिक लगाई। तो रामपुर में ननकीराम कंवर ने बड़ी जीत दर्ज कर भाजपा की लाज बचा ली। कटघोरा में संसदीय सचिव अपनी सीट बचा नहीं पाएं। मैदान में पहली बार उतरे कांग्रेस प्रत्याशी पुरुषोत्तम कंवर ने लखनलाल देवांगन को करारी शिकस्त दी।
पाली तानाखार के परिणाम ने सबको चौंका दिया। यहां भाजपा और गोंगपा के बीच टक्कर मानी जा रही थी, लेकिन जब गिनती शुरू हुई तो भाजपा शुरुआत से तीसरे स्थान पर रही। गोंगपा और कांग्रेस के बीच शुरू के 5 चरणों में कांटे की टक्कर रही। इसके बाद कांग्रेस के मोहितराम केरकेटट ने बड़ी बढ़त बनाते हुए आखिरी तक कायम रखा। तीन बार से पाली के विधायक चुनाव के समय कांग्रेस से भाजपा में प्रवेश करने वाले रामदयाल उइके को 34816 वोटों से करारी हार का सामना करना पड़ा।
पिछले तीन विधानसभा चुनाव में कोरबा में चारों सीटों के बीच 3-1 की स्थिति इस बार कायम रही। 2008 में रामपुर भाजपा में तो शेष 3 कांग्रेस में, वहीं 2013 में कटघोरा में भाजपा और शेष जगह कांग्रेस वहीं इस बार भी 2008 की स्थिति जैसी रही। रामपुर से भाजपा प्रत्याशी ननकीराम कंवर ने एक सीट दर्ज कर जिले में कांग्रेस को क्लीन स्वीप होने से बचा लिया।जकांछ के तीनों ही प्रत्याशियों में रामपुर के फूलसिंह राठिया ने कांटे की टक्कर दी।

2013 और 2018 में पड़े वोटों पर नजर
2013 में कोरबा से जयसिह अग्रवाल को 72386 वोट मिले थे। इस बार जयसिंह अग्रवाल दो हजार वोट कम मिलने के बाद भी बेहतर लीड से जीतने में कामयाब रहे। इसी तरह पिछली बार ननकीराम कंवर 57953 वोट मिले थे। 2013 की तुलना में 8 हजार अधिक वोट मिले। लखनलाल देवांगन को पिछली बार 61646 वोट पाकर जीते थे। इस बार लखन के वोटों में 13930 वोट कम मिले। उइके को 37 हजार कम वोट मिले।

Read more : पढि़ए खबर किस विधानसभा से किसको मिली जीत


पिछली बार से नोटा पर कम वोट पड़े
चारों ही विधानसभा में नोटा पर कम वोट पड़े। पिछली बार रामपुर विधानसभा में 5881 वोट पड़े थे। कोरबा में 3873 वोट, कटघोरा विधानसभा में 3424 वोट और पाली तानाखार में सबसे अधिक 7059 वोट पड़े थे। लेकिन इस बार 4609 वोट रामपुर में, कोरबा में 1014 वोट, कटघोरा में 2867 वोट नोटा पर पड़े। पाली तानाखार में 4609 वोट नोटा पर पड़े। पिछली बार से कम वोट नोटा पर पड़े।


हार देख खिसकने लगे थे भाजपाई
सुबह जब साढ़े 10 बजे के बाद पहला रुझान आना शुरू हुआ तो तीन विधानसभा में बीजेपी पिछड़ती चली गई। दोपहर लगभग दो बजे के बाद जब बीजेपी इन तीनों में 5 हजार से पीछे होते चली गई। इसके बाद से भाजपाई समर्थक लखनलाल देवांगन, विकास महतो अपने समर्थकोंं के साथ मतगणना स्थल से बाहर निकल गए।


जकांछ ने सिर्फ वोट काटे
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जिले की तीनों ही विधानसभा में सिर्फ वोट काटने तक ही सीमित रही। अब तक अमसंजस की स्थिति थी कि आखिर वोट किसके कटेंगे। लेकिन परिणाम से स्पष्ट है कि कटघोरा में भाजपा तो कोरबा में भी भाजपा व रामपुर विधानसभा में जकांछ ने दोनों के वोट काटे। लेकिन अधिक वोट कांग्रेस के कटे।


निर्दलीय नहीं कर सके कुछ भी खास
चारों ही विधानसभा में निर्दलीय कुछ खास नहींं कर सके। कोरबा चार प्रत्याशियों पर सबकी नजर थी। कोरबा में विशाल केलकर को 4859 वोट, आप के अनूप अग्रवाल को सिर्फ 632, पार्षद अमरनाथ अग्रवाल को भी 573 वोट ही मिल सके।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.