देवास जिले में घुसे नसरुल्लागंज के शिकारी, विरोध करने पर युवक पर चलाई गोली
नेमावर थाना क्षेत्र के गांव करोंद माफी की घटना, आधा दर्जन आरोपियों पर केस दर्ज, तीन को पुलिस ने दबोचा
देवास
Updated: May 11, 2022 01:58:59 pm
देवास. जिले के जंगलों के साथ ही मैदानी क्षेत्रों में देवास व आसपास के जिलों के शिकारी सक्रिय है। हिरण, नीलगाय से लेकर अन्य जंगली जानवरों का शिकार किया जा रहा है। पिछले दिनों सतवास पुलिस ने नीलगाय का शिकार करने वाले कई आरोपियों को दबोचा था। अब नेमावर थाना क्षेत्र में सीहोर जिले के नसरुल्लागंज निवासी शिकारी घुसने और विरोध करने पर एक युवक पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आधा दर्जन आरोपियों पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज करने के साथ ही तीन को दबोच लिया है। फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
नेमावर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार शाम की है। थाना क्षेत्र के गांव करोंद माफी में करीब आधा दर्जन लोग शिकार करने पहुंचे थे। इस क्षेत्र में इन दिनों मूंग की फसल है, आसपास हरियाली छाई और यहां हिरणों के झुंडों का विचरण होता रहता है। मंगलवार शाम को आरोपी शिकार करने पहुंचे, यहां अपने खेत पर आनंद गिरि नाम का युवक मौजूद था जिसने शिकार करने का विरोध किया, आरोपियोंं ने गालीगलौज करते हुए उसे धमकाया और उस पर गोली चला दी, गनीमत रही कि आनंद बाल-बाल बच गया। मामले में शिकायत के बाद रात में पुलिस ने आरोपी राजा उर्फ आसिफ खान, सज्जू खां, तौसीफ खान, शाहिद खां चारों निवासी नसरुल्लागंज, लक्ष्मण कीर निवासी ग्राम काछी छीदगांव नसरुल्लागंज, नसीम खान निवासी सुल्तानपुर रायसेन के खिलाफ धारा 294, 308, 506, 34 सहित वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी नेमावर आर.आर. वास्कले ने बताया आरोपी राजा, नसीम व लक्ष्मण को गिर$फ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपी सज्जू खां, तौसीफ खान, शाहिद खां की तलाश चल रही है। इनमें से दो आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी मिला है, जिनके खिलाफ नसरुल्लागंज थाने में मारपीट के मामले दर्ज हैं।

देवास जिले में घुसे नसरुल्लागंज के शिकारी, विरोध करने पर युवक पर चलाई गोली
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
