पंचायत चुनाव में बवाल: आतिशबाजी को लेकर दो पक्षों में चले हथियार, 12 घायल
-सिया के समीप हिम्मतपुरा की घटना, एक को गंभीर हालत मेंं जिला अस्पताल से किया गया रैफर
देवास
Published: June 11, 2022 01:55:08 pm
देवास. एबी रोड स्थित सिया गांव के समीप हिम्मतपुरा में पंच का चुनाव निर्विरोध हो जाने के बाद की जा रही आतिशबाजी के दौरान शुक्रवार रात दो पक्षों में भिड़ंत हो गई। दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई और धारदार हथियार भी चलाए गए। इसमें करीब दर्जनभर लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों के घायलों को रात करीब 10 बजे जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां उपचार करने के बाद एक को गंभीर हालत में इंदौर रेफर कर दिया गया। घायलों में कई महिलाएं भी शामिल हैं। किसी को सिर में, किसी को माथे पर, चेहरे पर चोट लगी है। जिला अस्पताल में भी दोनों पक्षों के बीच गहमागहमी की स्थिति रही। जानकारी के अनुसार सिया के हिम्मतपुरा क्षेत्र में एक पक्ष द्वारा पंच चुनाव निर्विरोध जीतने के बाद आतिशबाजी की जा रही थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष से उनकी कहासुनी हुई और फिर दोनों ओर से लाठी, डंडे और धारदार हथियार चले जिसमें मोहन सिंह, शिवलाल सहित दोनों पक्षों के करीब 12 लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची बीएनपी पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां काफी भीड़ लग गई और उपचार करने के लिए कई घायलों को इंतजार करना पड़ा। जानकारी के अनुसार विवाद में मोहन सिंह, मलखान सिंह, विजेन्द्र सिंह, शिवलाल, राजूबाई, फुंदीबाई, मेवाबाई, मंजूबाई, शीबू, अर्जुन, प्रहलाद सहित कुल 12 लोग घायल हुए हैं। डॉक्टर शैलेंद्र ओरिया ने बताया इनमें से मोहन सिंह को गंभीर हालत के चलते रेफर किया गया है। विवाद की जानकारी मिलने पर बीएनपी थाने के एसआई रामलाल शुक्ला, एएसआई पोरवाल जिला अस्पताल पहुंचे और बाद में दोनों पक्षों से कुछ ठीक स्थिति वाले लोगों को बीएनपी थाने ले जाया गया। जहां एफआईआर की प्रक्रिया रात करीब 11.15 बजे शुरू की गई। दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस कायमी की गई जिसमें 12 से अधिक आरोपी हैं। मारपीट, गालीगलौज, धारदार हथियार के उपयोग सहित अन्य धाराएं लगाई गई हैं।

पंचायत चुनाव में बवाल: आतिशबाजी को लेकर दो पक्षों में चले हथियार, 12 घायल
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
