सफर करते समय रहें सावधान: झालावाड़ से चोरी बोलेरो वाहन से देवास व आसपास के जिलों में हाइवे पर हो रही लूट
-देवास पुलिस ने जारी किया अलर्ट, अलग-अलग दिनों में सीहोर, इंदौर, खंडवा हरदा आदि जिलों में मिली लोकेशन
देवास
Updated: June 21, 2022 12:57:36 pm
देवास. राजस्थान के झालावाड़ से चोरी हुए बोलेरो वाहन का उपयोग देवास व आसपास के जिलों में हाइवे पर लूट की वारदातों में हो रहा है। पिछले दिनों इंदौर-बैतूल हाइवे पर हुई एक वारदात के बाद चल रही जांच में देवास पुलिस को इस वाहन की लोकेशन सीहोर, खंडवा, हरदा जिले में मिली है। इसको लेकर पुलिस ने अलर्ट जारी किया है और वाहन नजर आने पर तुरंत सूचना देने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार करीब 10-12 दिन पहले चापड़ा के समीप इंदौर के एक एडवोकेट के साथ उस समय लूट की वारदात हुई थी जब वो बाइक से जा रह था। बोलेरो से आए बदमाशों ने उसे रोककर रुपए आदि लूट लिए थे। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो सोनकच्छ, जावर क्षेत्र में इसी वाहन की मदद से लूट की वारदात का पता चला। हालांकि सोनकच्छ वाले मामले में फरियादी द्वारा एफआईआर नहीं करवाई गई है जो किसी अन्य जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। वाहन में करीब 8-9 बदमाशों के रहने और वारदात करने की जानकारी मिली है। कन्नौद-आष्टा मार्ग का उपयोग भी जाने-जाने में किया गया है, वहीं उदयनगर से कंपेल मार्ग पर भी वाहन की लोकेशन का पता चला है। दो दिन पहले इस वाहन की लोकेशन खंडवा जिले में मिली है। यह वाहन देवास जिले में कई क्षेत्रों में आता-जाता रहता है। एएसपी कन्नौद सूर्यकांत शर्मा ने बताया वर्तमान में इस वाहन की नंबर प्लेट बदलने की भी जानकारी सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज से मिली जानकारी के अनुसार गाड़ी के चारों तरफ सभी शीशों पर कपड़ों के पर्दे लगे हैं। गाड़ी के पिछले कांच पर महादेव लिखा है। वाहन का पुराना नंबर (आरजे030ए3511) था और वर्तमान में अन्य नंबर दर्ज है। इसके बारे में जानकारी देने वाले को इनाम दिया जाएगा।

सफर करते समय रहें सावधान: झालावाड़ से चोरी बोलेरो वाहन से देवास व आसपास के जिलों में हाइवे पर हो रही लूट
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
