देवास महापौर चुनाव में भाजपा ने मारी बाजी: जितने मतों से जीत, उतने कांग्रेस को कुल वोट भी नहीं मिले
-भाजपा की गीता अग्रवाल को 89502 मत, कांग्रेस की विनोदिनी व्यास को 43618 मत मिले, करीब 45884 मतों से जीत, अधिकृत घोषणा शेष
देवास
Published: July 20, 2022 02:35:45 pm
देवास. शहर के महापौर सहित 45 वार्डों के पार्षदों के लिए 13 जुलाई को हुए मतदान के बाद आज मतगणना का काम उत्कृष्ट विद्यालय देवास में पूरा हुआ। पहले ही राउंड में भाजपा की प्रत्याशी गीता अग्रवाल ने बढ़त बना ली थी। वहीं दूसरे नंबर पर कांग्रेस की विनोदिनी व्यास रहीं। मतगणना के 6 राउंड पूरे होने के बाद भाजपा की लीड बढ़कर 47 हजार के पार हो गई थी, अंत में लीड कुछ कम हुई और करीब 45884 मतों से जीत हुई।
चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना का काम सुबह 9 बजे से शुरू किया गया। उत्कृष्ट विद्यालय के समीप सिविल लाइन चौराहे पर मेले जैसा नजारा रहा। यहां महापौर सहित पार्षदों के समर्थक बड़ी संख्या में डटे रहे। जैसे जैसे पार्षद के परिणामों की घोषणा होती गई वैसे-वैसे आतिशबाजी व ढोल ढमाके का दौर चलता रहा। पहले राउंड में भाजपा प्रत्याशी गीता अग्रवाल को 15527 वोट मिले जबकि कांग्रेस की विनोदिनी व्यास 6808 मत लाईं। वहीं दूसरे राउंड के बाद गीता अग्रवाल के मतों की संख्या 33811 हो गई जबकि विनोदिनी व्यास के मत 13916 हो गए। तीसरे राउंड मेंं गीता के वोट 49158 व विनोदिनी के 21959 वोट हो चुके थे। छठे राउंड के बाद भाजपा प्रत्याशी के खाते में 88468, कांग्रेस प्रत्याशी को 41212, मनीषा दीपक चौधरी को 11432 वोट मिल चुके थे। अन्य प्रत्याशी गिने-चुने वोट पा रहे हैं। रुझान जानने के लिए लोग सोशल मीडिया पर सक्रिय रहे, वहीं फोन लगाकर भी स्थिति का पता लगाया गया। मतगणना स्थल के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। भीड़ अधिक होने के कारण एबी रोड पर उज्जैन चौराहे से लेकर जिला अस्पताल तिराहे तक यातायात का दबाव काफी अधिक बढ़ गया है। अन्य प्रत्याशियों में निकिता सूर्यवंशी को 3688, आप पार्टी की चाना ज्ञानेश को 7072, जुबेदा बी को 6563 मत 6 राउंड तक मिल चुके थे। अंतिम परिणाम के अनुसार भाजपा प्रत्याशी को कुल 89502, कांग्रेस प्रत्याशी को 43618 मत मिले।

देवास महापौर चुनाव में भाजपा ने मारी बाजी: जितने मतों से जीत, उतने कांग्रेस को कुल वोट भी नहीं मिले
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
