scriptखरीदी के लिए छूट, फिर से उमड़ी भीड़, पुलिस ने कई जगह समय से पहले बंद करवाई दुकानें | dewas news | Patrika News

खरीदी के लिए छूट, फिर से उमड़ी भीड़, पुलिस ने कई जगह समय से पहले बंद करवाई दुकानें

locationदेवासPublished: Apr 01, 2020 06:10:13 pm

कुछ दुकानों से समय बीतने के बाद भी बेचा गया सामान, बाहर डटे रहे लोग, एमजी रोड पर लगा जाम

खरीदी के लिए छूट, फिर से उमड़ी भीड़, पुलिस ने कई जगह समय से पहले बंद करवाई दुकानें

खरीदी के लिए छूट, फिर से उमड़ी भीड़, पुलिस ने कई जगह समय से पहले बंद करवाई दुकानें

देवास। कोरोना वायरस संक्रमण नियंत्रण के तहत प्रभावी किए गए कफ्र्यू के पांचवें दिन मंगलवार को जरूरी सामान की खरीदी के लिए लोगों को सुबह 8 से 11 बजे तक छूट दी गई। इस दौरान एक बार फिर से बाजार में किराना, मेडिकल, दूध आदि की खरीदी के लिए भीड़ उमड़ी। इस दौरान कई जगह सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस-प्रशासन सक्रिय हुआ और कई क्षेेत्रों में निर्धारित समय से पहले ही दुकानों को बंद करवाने की शुरुआत कर दी गई।
जिले में २७ मार्च से प्रशासन द्वारा कफ्र्यू प्रभावी किया गया था। तय व्यवस्थाओं के अनुसार एक दिन छोड़कर सुबह ८ से ११ बजे तक खरीदी के लिए छूट दी जाना है। इसी के तहत मंगलवार को भी छूट दी गई। सब्जी, फल आदि की बिक्री के लिए ठेले वालों को एक जगह पर नहीं रुकने के लिए निर्देशित किया गया था लेकिन कई ने इसका पालन नहीं किया। इसके बाद पुलिस ने इनको हटाना शुरू किया। खरीदी की छूट के दौरान एमजी रोड पर कई जगह जाम की स्थिति बनी। इसके बाद यातायात टीआई सुप्रिया चौधरी ने जवानों के साथ मोर्चा संभाला। अन्य अधिकारी भी फील्ड में उतरे। कलेक्टोरेट के सामने बेरिकेडिंग लगाकर चार पहिया वाहनों को एमजी रोड पर आगे जाने से रोका गया। हालांकि फिर भी कई जगह भीड़भाड़ की स्थिति रही। कई जगह से वाहन चालकों को एमजी रोड से घरों की ओर लौटाया गया। भीड़ अधिक होने का एक प्रमुख कारण यह है कि शहर के दूरस्थ क्षेत्रों के लोग भी मुख्य बाजार में खरीदी करने पहुंच रहे हैं। वहीं सब्जी वालों को घर-घर जाकर बिक्री के लिए कहा गया है लेकिन कई मुख्य बाजार में ही घूम रहे हैं।
अधिकारियों ने लिया लॉकडाउन का जायजा – कलेक्टर डॉ. श्रीकांत पांडेय एवं अपर कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर द्वारा नगर भ्रमण कर कानून व्यवस्था एवं लॉकडाउन की स्थिति का जायजा लिया गया। लॉकडाउन के दौरान प्रतिबंधित चारपहिया वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए। पुलिस द्वारा कई वाहनों पर चालानी कार्यवाही की गई। कलेक्टर ने देवास के नागरिकों से सुरक्षा की दृष्टि से लॉकडाउन के निर्देशों का पालन करने एवं लापरवाही न बरतने की अपील की। आमजन को भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन की सभी टीमें अपना कार्य मुस्तैदी से कर रही है।
सख्ती से वाहनों की जांच, 50 से अधिक पर कार्रवाई
मनमाने तरीके से घूमने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाया। एबी रोड के अलग-अलग क्षेत्रों से करीब ५० से अधिक वाहन जब्त करके यातायात थाने व कोतवाली थाने भेजा गया। इन पर चालानी कार्रवाई की गई। कलेक्टर डॉ.श्रीकांत पांडेय, एडीएम एनके सूर्यवंशी, एएसपी जगदीश डावर की उपस्थिति में जबरेश्वर मंदिर के पास वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। वाहन जब्त होने के बाद यातायात थाने व कोतवाली में वाहन मालिकों की भीड़ लगी।
गोया पहुंचे अधिकारी, फल वालों को दूसरी जगह भेजा
गोया क्षेत्र में फल वालों व ग्राहकों की भीड़ लगी थी। भ्रमण के दौरान अधिकारी जब यहां पहुंचे तो भीड़ देखकर नाराजगी जताई। फल बेचने वालों को ठेले लेकर अलग-अलग क्षेत्रों, कॉलोनियों में जाने के लिए कहा गया।इस दौरान कईजवानों ने डंडे दिखाकर भीड़ को हटाया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो