scriptअब तक थी राहत, मगर लापरवाही से शहर में पनपा कोरोना का संकट, दहशत में शहरवासी, 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया | dewas news | Patrika News

अब तक थी राहत, मगर लापरवाही से शहर में पनपा कोरोना का संकट, दहशत में शहरवासी, 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया

locationदेवासPublished: Apr 08, 2020 05:43:23 pm

लापरवाही: कोरोना पॉजिटिव महिला का शव इंदौर से देवास लाकर दफनाया, किसी को नहीं की खबर

परिवार के सदस्यों को बस के माध्यम से अमलतास अस्पताल ले जाया गया।

परिवार के सदस्यों को बस के माध्यम से अमलतास अस्पताल ले जाया गया।

देवास. कोरोना को लेकर अब तक राहत की सांस ले रहे शहर में इसका संकट पनपने लगा है। एक लापरवाही से यह संकट उपजा है। सख्ती के दावे करने वाले पुलिस-प्रशासन को खबर ही नहीं हुई और इंदौर से कोरोना पॉजिटिव महिला का शव देवास में लाकर दफना दिया गया। अब इस लापरवाही के कारण पूरा शहर दहशत में है। चूक के गंभीर परिणामों को लेकर आशंकित है। लापरवाही उजागर होने के बाद पुलिस-प्रशासन ने कहा कि हमें इंदौर से अस्पताल प्रबंधन ने सूचना नहीं दी। मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
जानकारी के मुताबिक इंदौर के अनूपनगर निवासी मदीना पति रियाज शेख (६०) का ४ अप्रैल को मेदांता अस्पताल इंदौर में निधन हो गया था। महिला की ब्लड सैंपल की रिपोर्ट में वह कोरोना पॉजिटिव निकली। परिजन उसे एंबुलेंस से इंदौर से देवास लाए और यहां कब्रिस्तान में दफनाया। देवास लाने से पहले आकाशगंगा होटल पर शव को ले जाने की जानकारी भी मिली। जनाजे में करीब २० से २५ लोग शामिल हुए थे। लापरवाही की हद ये रही कि पुलिस-प्रशासन को मंगलवार सुबह इसकी जानकारी मिली। इसके बाद ताबड़तोड़ माता टेकरी के जबरेश्वर मंदिर वाली गली जो कंजर मोहल्ले से जुड़ती है उसको सील किया। जनाजे में शामिल मृतक के परिजनों व समाजजनों को क्वारंटाइन किया गया। चार लोगों के खिलाफ कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज की गई। मामले में मंगलवार शाम को कोतवाली थाना पुलिस ने मृतिक मदीना शेख के परिजन रियाज अहमद, फिरोज शेख, जैनब व होटल आकाशंगगा के संचालक करिश्मा शेख के खिलाफ केस दर्ज किया। हालांकि इस मामले में सवाल उठे कि देवास से जुड़े अन्य लोगों को इसमें आरोपी क्यों नहीं बनाया गया।
कलेक्टर ने किया कंटेनमेंट क्षेत्र घोषित
कलेक्टर डॉ. पांडेय ने देवास में चार स्थानों पर 3 किलोमीटर की परिधि में आने वाले क्षेत्र को कंटेनमेंट एरिया घोषित किया है। कंटेनमेंट एरिया से लगे 2 किलोमीटर की परिधि के अतिरिक्त क्षेत्र बफर जोन घोषित किए गए हैं। आवागमनपूर्ण रूप से प्रतिबंधित किया है। कंटेनमेंट एरिया के समस्त निवासियों का होम क्वारंटाइन में रहना जरूरी है। आवश्यक सुविधाओं के अतिरिक्त किसी भी प्रकार से लोगों का बाहर जाना प्रतिबंधित है। जिन क्षेत्रों को कंटेनमेंट क्षेत्र घोषित किया है उनमें हटेसिंह गोयल मार्ग, जबरेश्वर मंदिर के पास की गली देवास, शिमला कॉलोनी देवास के मकान, आयशा शेख पति अजहरुद्दीन शेख का स्टेशन रोड देवास स्थित मकान, फिरोज शेख व अन्य के पठान कुआं देवास स्थित मकान का क्षेत्र कंटेनमेंट एरिया में शामिल है। उक्त क्षेत्र के घरों को एपिसेंटर घोषित करते हुए सभी घरों की 3 किलोमीटर की परिधि में आने वाले क्षेत्र को कंटेनमेंट एरिया घोषित किया है। इस क्षेत्र के समस्त घरों का सर्वे निर्धारित प्रपत्र में अनिवार्यत: किया जाएगा। इससे लगे 2 किलोमीटर की परिधि के अतिरिक्त क्षेत्र को बफर जोन भी घोषित किया है। कंटेनमेंट एरिया हेतु सीएमएचओ द्वारा विशेष आरआरटी, जिसके अंतर्गत एक फिजिशियन, एक एपीडिमियोलाजिस्ट, पैथालॉजिस्ट, माइक्रोबायोलॉजिस्ट, डॉक्यूमेंटेशन स्टाफ रखा जाना होगा व मेडिकल मोबाइल यूनिट, जिसके अंतर्गत एक मेडिकल ऑफिसर, एक पैरामेडिकल स्टाफ, लैब टेक्निशियन व डॉक्यूमेंटेशन स्टाफ का गठन किया जाएगा। स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा सतत स्क्रीनिंग की जाएगी।
अस्पताल प्रबंधन ने नहीं दी हमें सूचना
इ स मामले में कलेक्टर श्रीकांत पांडेय और एसपी कृष्णावेनी देसावतु ने मंगलवार दोपहर को प्रेस वार्ता ली। कलेक्टर पांडेय ने बताया कि इंदौर की महिला मदीना शेख को 3 अप्रैल को मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया था। उसका ब्लड सैंपल लिया था। ४ अप्रैल को उसकी मौत हो गई। ६ अप्रैल के मेडिकल बुलेटिन में इस बात की पुष्टि की गई कि मदीना कोरोना पॉजिटिव थी। ४ अप्रैल की रात को ही मदीना का शव इंदौर के मेदांता अस्पताल से एंबुलेंस द्वारा देवास लाया गया। उसी रात को देवास में दफनाया गया। नियम ये कहता है कि जिस जगह मृत्यु हुई है वहां के जिला प्रशासन को सूचना देना जरूरी है। यदि बाहर के जिले का मामला है तो संबंधित जिले के जिला प्रशासन को अवगत करवाना जरूरी है। मेदांता अस्पताल ने इस आशय की सूचना हमें नहीं दी। इस बारे में इंदौर प्रशासन को पत्र भी लिखा है। देवास के संबंधित क्षेत्रों को सील किया है। अंतिम संस्कार में गए २३ लोगों को क्वारंटाइन किया है इनमें से ८ मृतक के परिजन हैं। जो लोग क्वारंटाइन सेंटर में हैं उनके ब्लड के सैंपल लिए हैं।उनकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। बुधवार को मेडिकल टीम जाकर चेकअप करेगी। इस तरह के दो मामले पहले भी संज्ञान में आए थे। तब हमने सूचना मिलने पर पूरी व्यवस्था की थी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो