script

प्रत्याशी को लेकर भाजपा में उभरे विरोध के स्वर, नेता बोले- जीत पर संशय

locationदेवासPublished: May 24, 2020 05:43:53 pm

संभागीय संगठन मंत्री पहुंचे देवास, उपचुनाव को लेकर भाजपा पदाधिकारियों की बैठक ली

प्रत्याशी को लेकर भाजपा में उभरे विरोध के स्वर, नेता बोले- जीत पर संशय

प्रत्याशी को लेकर भाजपा में उभरे विरोध के स्वर, नेता बोले- जीत पर संशय

देवास। हाटपीपल्या विधानसभा में उपचुनाव की सरगर्मी तेज होने लगी है। भाजपा-कांग्रेस दोनों ही दल तैयारी में जुटे हैं। भाजपा में जहां पूर्व विधायक मनोज चौधरी का टिकट तय माना जा रहा है वहीं कांग्रेस में अब भी स्थिति उलझी हुई है।हालांकि कांग्रेसी दबी जुबान कह रहे हैं कि टिकट जिसे भी मिले, लेकिन सभी नेताओं की मंशा चौधरी को घेरने की है। इसके चलते विरोधी गुट के नेता भी हाथ मिला रहे हैं और हाटपीपल्या सीट हथियाना चाहते हैं। बगावत के स्वर भाजपा में भी बुलंद हो रहे हैं और प्रत्याशी का विरोध होने लगा है।
इस क्रम में शनिवार को भाजपा संभागीय संगठन मंत्री जितेंद्र लिटेरिया देवास पहुंचे। भाजपा जिला कार्यालय पर हाटपीपल्या विस क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। प्रमुख पदाधिकारियों से उन्होंने वन टू वन चर्चा भी की। सभी से आगामी विधानसभा उपचुनाव को लेकर पार्टी की गाइडलाइन के अनुसार काम करने और सरकार की जनहितैषी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह भी किया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल ने की। बैठक में सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी, पूर्व मंत्री दीपक जोशी, पूर्व विधायक मनोज चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष नरेंद्रसिंह राजपूत, पूर्व पापुनि अध्यक्ष रायसिंह सेंधव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बहादुर मुकाती, विस्तारक स्वप्निल गौड़ मंचासीन थे। मंडल अध्यक्ष बलवान उदावत, देवकरण पाटीदार, पवन चंदाना, जगदीश चौधरी, धर्मेंद्र चौधरी, ममता जैन, तेजसिंह राणा, मनोहरसिंह बैरागी, ईश्वरसिंह बरखेड़ी, दौलत पटेल, कमल अहिरवार आदि उपस्थित थे। भाजपा जिला प्रवक्ता शंभू अग्रवाल ने बताया कि बैठक में चुनाव की तैयारी को लेकर सभी से चर्चा की गई। बैठक में बूथ लेवल पर रणनीति बनाकर काम करने के लिए मंडल अध्यक्षों को निर्देशित किया गया। मंडल अध्यक्षों के प्रवास कार्यक्रम तय किए गए। हाटपीपल्या उपचुनाव को लेकर सामूहिक रूप से दौरा करने के लिए भी चर्चा की गई। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए भी चर्चा की गई।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक जब बैठक चल रही थी तो संभागीय संगठन मंत्री ने सभी से वन टू वन चर्चा भी की। इस दौरान कुछ पदाधिकारियों ने कहा कि कांग्रेस से भाजपा में आए पूर्व विधायक मनोज चौधरी को यदि टिकट मिलता है तो वर्तमान परिस्थितियों में उनकी जीत पर संशय है। भाजपा के कर्इ वरिष्ठ नेता भी नाराजगी जता चुके हैं। इस बात को प्रदेश संगठन तक पहुंचाया जाए। इधर इस मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं हुआ। सभी कार्यकर्ता मेहनत से काम कर रहे हैं। किसी के मन में असंतोष नहीं है।

ट्रेंडिंग वीडियो