पंचायत चुनाव: बोरखेड़ा व फांगटी में महिलाओं की सरकार, सरपंच-पंच सभी निर्विरोध
-दोनों पंचायतों में ग्रामीणों ने दिखाई एकजुटता, आपसी सहमति के बाद सरपंच पद के लिए दो-दो प्रत्याशियों ने वापस लिए नाम
देवास
Updated: June 12, 2022 03:17:26 pm
देवास/देवगढ़/नेवरी.
पंचायत चुनाव के तहत जिले में जहां एक ओर चुनाव होने से पहले ही रंजिश, विवाद, बवाल की शुरुआत हो गई है वहीं दूसरी ओर कई गांवों में महिलाओं की सरकार निर्विरोध बन रही है। ऐसे ही दो गांव हाटपीपल्या क्षेत्र में बोरखेड़ा व फांगटी हैं जहां सरपंच, पंच सभी महिला हैं और सभी का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है।
नेवरी क्षेत्र की ग्राम पंचायत बोरखेड़ा में पंचायत के सभी 11 वार्डों में महिलाएं पंच चुनी गई हैं, वहीं सरपंच भी निर्विरोध बनी हैं। यह पंचायत अनारक्षित महिला थी। सरपंच पद के लिए तीन महिलाओं ने फॉर्म जमा किए थे। गांव वालों की आपसी चर्चा व सहमति के बाद दो महिलाओं ने नाम वापस ले लिए। इसके बाद दीपगौरवी चौहान पति शत्रुंजय सिंह को निर्विरोध सरपंच चुना गया। वार्ड एक से माया कुंवर, वार्ड दो से प्रेमलता, तीन से ललिताबाई, चार से रीना, पांच से निरंजनकुंवर, छह से प्रेमलता कुुंवर, 7 से धीरजबाई, 8 से सीमा, 9 से गीताबाई, 10 से सोरमबाई, 11 से ममता बैरागी को निर्विरोध पंच चुना गया। वहीं देवगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत फांगटी में सरपंच चुनाव के लिए अंतिम तारीख के दिन तीन में से दो महिलाओं ने अपने नाम वापस ले लिए। यहां पर सरपंच का पद आदिवासी महिला वर्ग के लिए आरक्षित था जिसके लिए तीन उम्मीदवारों ने फॉर्म जमा किए थे। दो फॉर्म वापसी के बाद ग्राम की रंगूबाई पति हरेंद्र सिंह निर्विरोध सरपंच चुनी गईं। इसी प्रकार ग्राम की पंचायत के अंतर्गत पंचों के कुल 11 वार्ड हैं उनमें भी सभी 11 ही महिलाएं पंच निर्वाचित हुई। निर्विरोध निर्वाचन पहली बार ऐसा हुआ है कि सभी महिलाएं मिलकर पंचायत चलाएंगी। इसमें ग्राम के पूर्व जनपद अध्यक्ष महेंद्रपाल सिंह, पूर्व सरपंच मनोहर सिंह, अनार सिंह, रविंद्र सिंह, लाखन सिंह, जय सिंह, नरेंद्रसिंह सेंधव सहित पूरे गांव की सहमति रही।

पंचायत चुनाव: बोरखेड़ा व फांगटी में महिलाओं की सरकार, सरपंच-पंच सभी निर्विरोध
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
