देवास

सास से विवाद के बाद युवक ने शिप्रा में लगाई छलांग, एक घंटे चिल्लाता रहा तब जाकर बची जान

-रात में ब्रिज से कूदा था इंदौर निवासी युवक, बड़े पत्थर के करीब पहुंच जाने से नहीं डूबा, शिप्रा के गोताखोरों ने बचाया

देवासAug 13, 2022 / 05:16 pm

Satyendra Singh Rathore

सास से विवाद के बाद युवक ने शिप्रा में लगाई छलांग, एक घंटे चिल्लाता रहा तब जाकर बची जान

देवास. इंदौर में रहने वाले एक युवक का किसी बात को लेकर उसकी सास से विवाद हो गया। इसके बाद वो शिप्रा पहुंच गया और यहां ब्रिज से नदी में तेज बहाव के बीच छलांग लगा दी। कुछ ही दूरी पर वो एक बड़े पत्थर तक पहुंच गया और फिर वहां से बचाओ-बचाओ की आवाज लगाता रहा। करीब एक घंटे के बाद किसी ने आवाज सुनी तब जाकर पुलिस व स्थानीय गोताखोरों तक मामला पहुंचा फिर दो तैराकों ने मशक्कत के बाद उसे सकुशल बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार शारदानगर सुखलिया इंदौर निवासी कैलाश पाटोले नाम का करीब 46 वर्षीय युवक शिप्रा में ब्रिज से गुरुवार रात को अज्ञात कारणों के चलते कूद गया था। उसे तैरना नहीं आता था, जहां पर वो कूदा उससे कुछ दूरी पर नदी में एक बड़ा पत्थर था जिसके करीब पहुंचकर वो बच गया लेकिन बीच नदी में फंस गया, ऐसे में बचाओ-बचाओ चिल्लाने लगा। करीब एक घंटे के बाद नदी के किनारे स्थित मकान में किसी ने उसकी आवाज सुनी। इसके बाद शिप्रा के स्थानीय तैराक निक्की प्रजापति, भोला प्रजापति पहुंचे। इन्होंने भी शिप्रा में छलांग लगा दी, काफी देर की मशक्कत के बाद कैलाश को दोनों तैराकों ने सकुशल निकाल लिया। मौके पर शिप्रा व औद्योगिक थाना देवास की पुलिस भी पहुंच गई थी। बताया जा रहा है कि घटनास्थल इंदौर जिले की सीमा में आता है। गौरतलब है कि पिछले कुछ साल से शिप्रा नदी का पुराना व नया ब्रिज जान देने वालों की जगह के लिए चर्चित होता जा रहा है, यहां से पिछले दो-तीन साल में 10 से अधिक लोग छलांग लगा चुके हैं जिसमें से अधिकांश की मौत हो गई थी।
वर्जन
इंदौर निवासी युवक की किसी बात को लेकर सास से कहासुनी होने के बाद शिप्रा में कूदा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी, स्थानीय तैराकों की मदद से उसे बचा लिया गया था।
-जीएस महोबिया, थाना प्रभारी शिप्रा।

Home / Dewas / सास से विवाद के बाद युवक ने शिप्रा में लगाई छलांग, एक घंटे चिल्लाता रहा तब जाकर बची जान

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.