रबी सीजन की तैयारी: खाद के लिए शुरू हुई मशक्कत, लगी लंबी कतार
देवासPublished: Oct 13, 2022 02:11:10 pm
कृषि उपज मंडी के सामने सुबह से पहुंच गए थे किसान, महिलाएं भी लगी कतार में, ११ बजे तक नहीं खुला था कार्यालय


रबी सीजन की तैयारी: खाद के लिए शुरू हुई मशक्कत, लगी लंबी कतार
देवास. जिले में पीले सोने की कटाई का काम 60 प्रतिशत से अधिक पूरा होने की स्थितियों के बीच किसान रबी सीजन की तैयारियों में जुट गए हैं। खाद-बीज के इंतजाम के लिए इन दिनों किसानों को मशक्कत करना पड़ रही है। खाद के लिए सहकारी समितियों में जहां कई जगह किसान चक्कर लगा रहे हैं वहीं जहां पर खाद उपलब्ध है वहां भीड़ लग रही है। सुबह से किसान कतार में लग जाते हैं और कई घंटे के इंतजार के बाद नंबर आ पाता है। हाल यह हैं कि खाद के इंतजाम में महिलाएं भी कतार में लग रही हैं। बुधवार को कृषि उपज मंडी क्रमांक-एक के सामने ऐसी ही स्थिति नजर आई। यहां महिलाओं व पुरुष किसानों की कतारें लगी थी। सुबह 10.45 बजे 150 से अधिक किसान खाद के लिए नंबर लगाकर बैठे थे। इनमें से अधिकांश को एनपीके खाद की दरकार थी। कई किसान थककर नीचे ही बैठ गए थे। सुबह 11 बजे तक खाद वितरण की शुरुआत नहीं हो सकी थी। गुरुवार को भी यहां लंबी कतार दिखी। किसान रमेश सिंह, कमल पटेल, जीवन सिंह आदि ने बताया बाजार में कई दुकानों के चक्कर लगा लिए लेकिन खाद नहीं मिल रहा है। यहां पर खाद की उपलब्धता की जानकारी मिली है, इसलिए पावती, आधार कार्ड लेकर आए हैं।
अतिवृष्टि से फसल नुकसानी का सर्वे, खाद आपूर्ति के लिए सौंपा ज्ञापन
सतवास. सतवास तहसील के संपूर्ण क्षेत्र में हो रही असमय बारिश से किसानों की सोयाबीन फसल चौपट हो चुकी है। सतवास क्षेत्र में अभी तक नुकसानी का सर्वे नहीं हुआ जबकि अन्य तहसीलों में सर्वे होकर अनावरी भी निकाली गई। भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में नायब तहसीलदार संगीता महतो को ज्ञापन देते हुए कहा गया कि जल्द से जल्द विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देशित कर किसानों के हुए नुकसान का सर्वे कराया जाये एवं राहत राशि एवं फसल बीमा तत्काल दिलाया जाये साथ ही बीमा कंपनी को निर्देशित करें और उनके कर्मचारियों को भिजवाकर उनके द्वारा प्रभावित किसानो का सर्वे कराया जायें। सतवास क्षेत्र में रबी सीजन के लिए खाद की व्यवस्था नगण्य है, इसकी व्यवस्था तत्काल कराई जाये। इस हेतु कृषि उपज मण्डी सतवास मे गौदाम खाली हैं, जिनमे तत्काल प्रभाव से क्षेत्र के लिए खाद गोदाम की व्यवस्था सतवास में ही करायी जायें। जिससे परिवहन में सुविधा होगी। इस दौरान भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री गोरेलाल गुर्जर,तहसील मंत्री ओमप्रकाश गुर्जर,नगर अध्यक्ष मांगीलाल गुर्जर,अनिल राठी यशवंत गुर्जर गणेश यादव आदि कई किसान उपस्थित थे।