VIDEO NEWS... तस्मै श्री गुुरुवे नम: ... माता टेकरी पहुंचे 20 हजार से ज्यादा भक्त, शिवोम तीर्थ शक्तिपात व दत्त पादुका मंदिर में दी गुरु दीक्षा
देवासPublished: Jul 03, 2023 11:27:13 pm
शीलनाथ धूनि संस्थान, श्री दत्त पादुका मंदिर बांगर सहित एक दर्जन से अधिक मंदिरों, आश्रमों व संस्थाओं में हुए आयोजन


तस्मै श्री गुुरुवे नम: ... माता टेकरी पहुंचे 20 हजार से ज्यादा भक्त, शिवोम तीर्थ शक्तिपात व दत्त पादुका मंदिर में दी गुरु दीक्षा
देवास. सोमवार को गुरु पूर्णिमा पर्व शहर में उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिरों, आश्रमों में सुबह से लेकर देरशाम तक आयोजनों की धूम रही। रात में भजनों की प्रस्तुतियां दी गई। माता टेकरी पर दिनभर शहर व अंचल से 20 हजार से अधिक भक्त पहुंचे और मां चामुंडा व तुलजा भवानी के दर्शन-वंदन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। दोपहर में तेज गर्मी उमस के कारण अपेक्षाकृत भीड़ कम रही लेकिन शाम को संख्या कई गुना बढ़ गई। पर्व की भीड़ को देखते हुए शंख द्वार, सीढ़ी द्वार के अलावा अन्य कई स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। माता टेकरी से लगे शिवोम तीर्थ मेंं शक्तिपात दीक्षा व मंत्र दीक्षा दी गई। वहीं शीलनाथ धूनि संस्थान में दर्शन-वंदन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। उज्जैन रोड पर शहर से 10 किमी दूर बांगर के दत्त पादुका मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। यहां गुरु दीक्षा दी गई। इसके अलावा शहर के एक दर्जन से अधिक मंदिरों, आश्रमों पर विविध आयोजन हुए।
शिवोम तीर्थ में दोपहर व शाम को आरती, रात में गूंजे भजन
माता टेकरी रपट मार्ग के समीप शिवोम तीर्थ पर सुबह गुरु गीता पाठ, गुरु चालीसा पाठ, प्रार्थना, वंदन पादुका पूजन हुआ। गुरु महाराज का पूजन किया गया, शक्तिपात व मंत्र दीक्षा दी गई। दोपहर 12.30 बजे महाआरती के बाद शुरू हुआ भंडारा शाम तक चला जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसादी ली। शाम को आरती के बाद रात में भजन संध्या का आयोजन किया गया।
शीलनाथ धूनि संस्थान में हुई काकड़ आरती, पाद पूजन
शीलनाथ धूनि संस्थान मल्हार पर विविध आयोजन हुए। प्रबंधक सुरेश गोखले ने बताया सुबह 7.30 बजे गुरु महाराज का अभिषेक, पूजन कर काकड़ आरती की गई। इसके बाद 9.30 बजे महाआरती हुई। ट्रस्ट की ओर से पाद पूजन पश्चात गुरू महाराज के दर्शन करने पहुंचे शरद पाचुनकर, सुभाष शर्मा, रेखा वर्मा, राजीव खण्डेलवाल, मनोज राजानी, अजीत भल्ला, भगवान सिंह चावड़ा, महेन्द्र सिंह पडिय़ार, महंत राजेन्द्र गिरी, सुभाष यादव, जयसिंह चौबदार, रोशन रायकवार आदि बड़ी संख्या में भक्तजनों ने गुरू महाराज पाद पूजन कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर महाराष्ट्र, उज्जैन, शाजापुर, इंदौर सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों से भक्तजन पहुंचे। आरती व प्रसादी वितरण के पश्चात मण्डली द्वारा गुरू महाराज के भजनों की प्रस्तुति दी गई।