वंशवाद तो भारतीय संस्कृति में है, हमारा क्या दोष है-दिग्विजय सिंह
-पूर्व विधायक बघेल की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में आए थे सिंह, प्रदेशस्तर के कई अन्य नेता हुए शामिल
देवास
Updated: April 30, 2022 04:18:19 pm
देवास/हाटपीपल्या. हाटपीपल्या के एक निजी गार्डन में पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह बघेल की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि लोग वंशवाद की बात करते हैं। वंशवाद तो भारतीय संस्कृति में है, व्यापारी का बेटा व्यापारी बनता है। डॉक्टर का बेटा डॉक्टर बनता है, किसान का बेटा किसान बनता है तो हमारा क्या दोष है। लोकतंत्र में वही जिंदा रहता है जो जमीन पर रहकर जनता के बीच में रहे। आपका घोर विरोधी भी हो तो उसकी अच्छाई की हमेशा तारीफ करो। कमलनाथ सरकार में पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के स्मारक स्थल के लिए भूमि आवंटित की किंतु भाजपा और कांग्रेस में यही फर्क है कि वहां देने वाले का कभी नाम नहीं लेती शिवराज की मुसीबत में दिग्विजय सिंह ने सहयोग किया। कैलाश जोशी हमारे गुरु थे। उनके स्मारक स्थल के भूमिपूजन के अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने एक बार भी कमलनाथ सरकार का जिक्र नहीं किया, यही फर्क है। कांग्रेस अपने विरोधी के अच्छे कामों की तारीफ करती है किंतु बीजेपी कभी भी अच्छे कामों की तारीफ नहीं करती। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत कहते हैं कि हिंदुओं की संख्या घट रही है किंतु भौगोलिक स्थिति यह बताती है कि हिंदुओं की संख्या कभी कम नहीं हो सकती। इसके पहले पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व विधायक बघेल के चित्र के सामने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की मंच पर पूर्व प्रतिपक्ष नेता अजय सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, प्रहलाद सिंह टिपानिया, हनी सिंह बघेल, कृपाशंकर शुक्ला ने संबोधित किया। स्वागत भाषण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष छगनलाल मिस्त्री ने दिया। संचालन राजेंद्र बज ने किया व आभार राजवीर सिंह बघेल ने माना।
भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी हुए शामिल
श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस के साथ में ही बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने भी आकर पूर्व विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के छोटे भाई एवं भाजपा नगर अध्यक्ष नीलकंठ जोशी ने कहा कि राजनीतिक रूप से हमारी पार्टी अलग हो सकती है किंतु सामाजिक पृष्ठभूमि हमारी एक है हाटपिपल्या क्षेत्र में जोशी परिवार के साथ ही बघेल परिवार का पूरा सहयोग रहता है। एक दूसरे के परिवारिक आयोजन में शामिल होते। निश्चित ही बघेल की कमी हाटपीपल्या क्षेत्र को खलेगी। उनकीकमी को पूरा करने के लिए निश्चित ही उनके परिवार के सदस्य को राजनीति में सक्रिय रहते हुए जनता के कार्य करना चाहिए। आयोजन में ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक पटेल की अनुपस्थिति चर्चा का विषय रही।

वंशवाद तो भारतीय संस्कृति में है, हमारा क्या दोष है-दिग्विजय सिंह
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
