scriptसालभर से बंद पड़े हैं हाईमास्ट | High masts are closed for a year | Patrika News

सालभर से बंद पड़े हैं हाईमास्ट

locationदेवासPublished: Sep 17, 2017 01:11:08 am

माता टेकरी पर जोर-शोर से चल रही नवरात्रि की तैयारियां 

dewas photo
देवास. माता टेकरी पर नवरात्रि की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शनिवार को रपट मार्ग पर बैरिकेड्स लगे, बिजली के खंबे शिफ्ट किए गए व कुबेर देवता सहित अन्य जगहों पर रंगरोगन का कार्य चलता रहा। बड़ी माता मंदिर के अंदर भी लगे सीसीटीवी कैमरों की कैबल को सुधारा गया। तैयारियों के बीच में टेकरी के दोनों दीप स्तंभों पर लगे हाईमास्ट की सुध नहीं ली गई है। एक हाईमास्ट छोटी माता मंदिर के पास में लगा है, तो दूसरा कुछ आगे कुबेर देवता के पास में लगा हुआ है। ये हाईमास्ट पिछले सालभर से बंद हैं। इन्हें सुधार के लिए अभी तक काम नहीं हुआ है।
पर्व के दौरान छुट्टी के दिनों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है और शनिवार-रविवार के दिन भक्तों का आंकड़ा एक लाख को पार कर जाता है। भीड़ को देखते हुए माता टेकरी पर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शनिवार को रपट मार्ग की दीवार पर रंग रोगन के साथ ही अन्य कार्य पूरे किए जा रहे थे। रपट मार्ग के करीब बने शौचालय के बाहर पानी की टंकी थी, जिसे इस बार हटा लिया गया है। रपट मार्ग पर अभी भी सीसीटीवी कैमरे के तार टूटे हैं। टेकरी पर कुल 22 कैमरे लगे हुए हैं, जिनमें से अभी तक 12 को सुधारा जा चुका है। कैमरों के तारों को हर बार गिलहरियां काट देती हैं। इस बार तारों की ऊंचाई को बढ़ा दिया गया है। तारों का ऊंचा करने व सीसीटीवी कैमरों को चालू करने का काम शनिवार को दिनभर चला। मंदिर के अंदर भक्तों पर तीसरी आंख की नजर रहेगी। इसके लिए बड़ी माता मंदिर के अंदर सीसीटीवी लगे कैमरों की कैबलों को सुधारा गया। तुलजा भवानी मंदिर के करीब ही मार्ग पर ही जालियां भी लगाई गई हैं। जालियों के लगने से भक्त कुएं में कचरा नहीं फेंक पाएंगे।
स्वच्छता की अपील
नवरात्रि महापर्व के पावन पर्व पर लाखों श्रद्धालुओं के भंडारे के लिए ग्लास, स्टील की प्लेट का उपयोग किया जाएगा। मां चामुंडा सेवा समिति संरक्षक कलेक्टर आशीषसिंह, नगर निगम आयुक्त विशालसिंह चौहान ने नवरात्रि पर्व पर माता टेकरी पर आने वाले समस्त श्रद्धालुओं से अपील की है कि माता टेकरी के साथ-साथ भंडारे पंडाल में गंदगी न करें। प्रसादी लेने के बाद कागज, ग्लास व प्लेट को डस्टबिन में डालङ्क्ष व स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहोयग करें।
दो पोल किए शिफ्ट
खो-खो माता की तरफ बीच रास्ते में बिजली के दो पोल थे, जिन्हें शनिवार को रास्ते से हटाकर मार्ग किनारे शिफ्ट किया गया। इसके लिए दिनभर कैबल डालने का काम भी चलता रहा। बिजली की कैबल खो-खो माता मंदिर से बड़ी माता मंदिर तक डाली गई। टेकरी पर 200 केवी का ट्रांसफार्मर लगा है, जिसका मैंटेनेंस कर किया गया। 24 घंटे बिजली सुविधा के लिए डबल लाइन डल रही है।
कुबेर देवता का रंगोन, दीवारें भी पोतीं
मंदिरों के बाहर व अंदर रंग-रंगोन कार्य भी चल रहा है। शनिवार को कुबेर देवता की प्रतिमा का रंगरोगन पूरा किया गया। साथ ही बाहरी क्षेत्र की दीवारों पर भी तेजी से रंगरोगन का कार्य चल रहा है।
देवास ञ्च पत्रिका. नवरात्रि पर्व के दौरान शक्ति उत्सव का आयोजन कलेक्टर आशीष सिंह की पहल पर किया जाएगा। 23 व 24 सितंबर शाम 6.30 बजे मल्हार स्मृति मंदिर परिसर में विभिन्न लोक नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। कलेक्टर ने देश की प्रख्यात पंडवानी गायिका तीजनबाई से बात कर उन्हें कार्यक्रम में आने के लिए आमंत्रित किया है। 23 सितंबर को तीजनबाई का पंडवानी गायन, इसके बाद रवि जोशी गढ़वाल द्वारा कुमाऊ लोक रंजन, 24 को राजेंद्र वैष्णव द्वारा राजस्थानी लोक गीत, सुचित्र हलमरकर द्वारा कत्थक नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो